जमीनी विवाद में ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या, छपरा में हुआ खूनी संघर्ष

जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में छपरा में हिंसक घटना देखने को मिली जिसमें एक व्यक्ति की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई.

Chhapra Land Dispute
Chhapra Land Dispute - फोटो : news4nation

Bihar News : सारण जिले के गौरा थाना क्षेत्र के सलिमापुर गांव में आपसी विवाद को लेकर एक 50 वर्षीय व्यक्ति की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद गांव में तनाव और सनसनी का माहौल है। वहीं, मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पहचान सलिमापुर गांव निवासी स्व. रामजी सिंह के 50 वर्षीय पुत्र अशोक सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अशोक सिंह का अपने पड़ोसी अमन कुमार सिंह और विमल कुमार सिंह के साथ पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर घटना के दिन दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी।


परिजनों के अनुसार विवाद के दौरान विमल कुमार सिंह ने अपने भाई उज्ज्वल सिंह उर्फ उजाला को ट्रैक्टर लेकर मौके पर बुलाया। आरोप है कि इसके बाद उज्ज्वल सिंह ने ट्रैक्टर से अशोक सिंह को कुचल दिया। इस घटना में उनकी छाती की हड्डियां टूट गईं और वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत हो गए।


रेफर होने के बाद रास्ते में मौत

घटना के बाद परिजन आनन- फानन में अशोक सिंह को मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।


पत्नी के बयान पर प्राथमिकी, जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलने पर स्थानीय थाने की पुलिस ने घटना स्थल का जायज़ा लिया और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पत्नी विभा देवी के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें अमन सिंह, विमल सिंह और उज्ज्वल सिंह उर्फ उजाला को नामजद किया गया है। पुलिस आरोपों की जांच और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ 

अशोक सिंह की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति को खोने के बाद पत्नी विभा देवी के सामने परिवार के भरण-पोषण और बेटी के भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।