भोज खाकर लौट रही 5 साल की मासूम की निर्मम हत्या, खेत से बरामद हुई लाश
Desk : बिहार के पूर्णिया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के अमौर थाना क्षेत्र के धुरपौली पंचायत में एक 5 साल की मासूम बच्ची की खेत से लाश बरामद हुई। बच्ची की हत्या निर्मम तरीके से गला रेतकर की गई। बच्ची रविवार शाम एक शादी समारोह में भोज खाने गई थी, लेकिन वह वापस घर नहीं लौटी। वहीं आज सोमवार सुबह उसका शव गांव के ही एक मक्के के खेत से बरामद हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची बीते रविवार की शाम अपने घर से करीब ही एक शादी समारोह में भोज खाने के लिए निकली थी। जब काफी देर तक वह वापस नहीं आई, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात भर गांव और आसपास के इलाकों में तलाश की गई, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। वहीं आज सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने मक्के के खेत में बच्ची का खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
गला काटकर बेरहमी से हत्या
बताया जा रहा है कि हत्या की घटना को इतनी बेरहमी से अंजाम दिया गया था कि लाश को देखकर लोगों की रूह कांप गई। तेज धारदार हथियार से बच्ची का गला रेता गया था। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद उसकी हत्या की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही अमौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्ट-मार्टम के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ साक्ष्य जुटाए हैं और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
परिजनों और ग्रामीणों में पुलिस के प्रति आक्रोश
इस घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गांव के लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश है और वे दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं।