मोकामा में कुएं से मिले दो किशोरों के शव, चार युवकों के लापता होने से मचा हड़कंप
घटना को लेकर गांव में कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। कुछ स्थानीय लोगों को संदेह है कि युवकों के साथ कोई साजिश हुई हो सकती है। उनका कहना है कि जिस कुएं से शव बरामद हुए हैं, उसकी लंबे समय से सफाई नहीं हुई थी
Bihar News : पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र की बरहपुर पंचायत में गुरुवार को एक कुएं से दो किशोरों के संदिग्ध शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान 18 वर्षीय सोनू कुमार और 15 वर्षीय रजनीश के रूप में हुई है। दोनों के शव मिलने के बाद गांव में कोहराम मच गया। वहीं, पंचायत के चार युवकों के घर से निकलने के बाद लापता होने की बात सामने आ रही है। इनमें से दो के शव बरामद हुए हैं, जबकि दो अन्य का अब तक पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, बरहपुर पंचायत के चार युवक गुरुवार की सुबह अपने घर से निकले थे। दोपहर बाद तक जब वे वापस नहीं लौटे और उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई। इसी बीच स्थानीय लोगों ने गांव के एक निर्जन कुएं में शव देखा। इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने आनन-फानन में कुएं से शवों को बाहर निकाला।
मृतकों में सोनू कुमार, पिता हरि लाल बिंद, उम्र 18 वर्ष और रजनीश, पिता राम प्रवेश बिंद, उम्र 15 वर्ष शामिल हैं। हालांकि, चार युवकों के लापता होने और उनमें से दो के शव मिलने की जानकारी के बावजूद प्रशासन ने फिलहाल कुल लापता और मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिनके दो शव मिले हैं उनके सिर पर किसी भारी चीज से मारने का चोट है इससे स्पष्ट है कि उनकी हत्या की गई है।
हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस
घटना को लेकर गांव में कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। कुछ स्थानीय लोगों को संदेह है कि युवकों के साथ कोई साजिश हुई हो सकती है। उनका कहना है कि जिस कुएं से शव बरामद हुए हैं, उसकी लंबे समय से सफाई नहीं हुई थी और न ही उससे पानी निकाला जा रहा था। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों किशोरों की मौत कुएं में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है। पुलिस ने भी हत्या या हादसे को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं दिया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पटना ग्रामीण एसपी कोमल मीणा, बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस टीम घटनास्थल की जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। साथ ही, लापता बताए जा रहे अन्य युवकों की तलाश और उनकी स्थिति का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
रविशंकर की रिपोर्ट