खाकी पर खून के दाग: पुलिसकर्मी पिता को मार खुद पुलिस में हुई भर्ती, 3 साल बाद प्रेमी ने खोला राज
एक सनसनीखेज मामले में महिला पुलिसकर्मी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता की जहर देकर हत्या कर दी. तीन साल बाद प्रेमी के खुलासे से मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
एक दिल दहला देने वाला खुलासा हुआ है, जहाँ एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पुलिसकर्मी पिता की जहर देकर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि पिता की मौत के बाद आरोपी बेटी, आर्या बल्लावार, अनुकंपा के आधार पर पुलिस विभाग में भर्ती भी हो गई। यह खौफनाक राज तीन साल तक दबी रही, लेकिन प्रेमी के साथ हुए विवाद के बाद खुद उसने ही पुलिस के सामने सारा सच उगल दिया।
प्रेम संबंध में बाधा बने पिता को रास्ते से हटाया
मामला महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले चंद्रपुर के रामनगर थाना क्षेत्र का है। आरोपी आर्या और आशीष शेडमाके के बीच 2022 से प्रेम संबंध थे। जब आर्या के पिता, जो खुद हेड कांस्टेबल थे, को इस रिश्ते का पता चला तो उन्होंने कड़ा विरोध किया। पिता का विरोध प्रेमी जोड़े को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। आशीष ने अपने एक साथी की मदद से जहर का इंतजाम किया और कांच की बोतल में भरकर आर्या को सौंप दिया।
मिल्कशेक में जहर और तीन साल का सस्पेंस
25 अप्रैल 2023 को आर्या ने अपने पिता को मिल्कशेक में जहर मिलाकर पिला दिया। जहर पीने के बाद जब वे ड्यूटी पर पहुंचे, तो उनकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में उनकी मौत हो गई। उस समय पुलिस ने इसे आकस्मिक मृत्यु (AD) मानकर मामला बंद कर दिया था। इसके बाद 2025 में आर्या और उसका प्रेमी दोनों पुलिस विभाग में भर्ती हुए और अपनी ट्रेनिंग भी पूरी कर ली। लेकिन हाल ही में दोनों के बीच अनबन हुई, जिसके बाद प्रेमी आशीष ने खुद थाने जाकर पूरी वारदात का खुलासा कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी
प्रेमी के कबूलनामे के बाद रामनगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आर्या बल्लावार, आशीष शेडमाके और जहर मुहैया कराने वाले साथी चैतन्य गेडाम सहित एक नाबालिग को नामजद किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या और साजिश से जुड़ी विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल कोर्ट ने आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।