ग्रामीण कार्य विभाग कार्यपालक अभियंता निकला धनकुबेर, निगरानी की चार ठिकानों पर छापामारी, लाखों नकदी, सोना और करोड़ों की जमीन का खुलासा

तलाशी के क्रम में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिला अंतर्गत फनसीदेवा थाना क्षेत्र में उनकी पत्नी श्वेता कुमारी के नाम पर वर्ष 2021 में क्रय की गई कुल 92 डिसमिल (लगभग 31 कट्ठा) भूमि का पता चला है। पटना आवास से लगभग 3 लाख तथा कटिहार से 2 लाख नकदी मिला

Bihar Vigilance Raid
Bihar Vigilance Raid- फोटो : news4nation

Bihar News : आय से अधिक संपत्ति के मामले में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के चार ठिकानों पर निगरानी की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई। चंद्रशेखर सिंह जो कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, गुणवत्ता परीक्षण, छपरा के पद पर तैनात हैं उनके विरुद्ध लगभग 1.10 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।


 कांड के अनुसंधान के क्रम में गुरुवार को चंद्रशेखर सिंह से संबंधित निम्नलिखित चार ठिकानों छपरा स्थित उनका कार्यालय, पटना स्थित सरयुग वमिका अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 103, कटिहार नगर के लोहिया नगर स्थित उनका आवासीय मकान और पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिला अंतर्गत फनसीदेवा थाना क्षेत्र स्थित ठिकाना पर तलाशी की कार्रवाई की जा रही है।


तलाशी के क्रम में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिला अंतर्गत फनसीदेवा थाना क्षेत्र में उनकी पत्नी श्वेता कुमारी के नाम पर वर्ष 2021 में क्रय की गई कुल 92 डिसमिल (लगभग 31 कट्ठा) भूमि का पता चला है। उक्त भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट स्थित बताई जा रही है तथा उसका बाजार मूल्य करोड़ों रुपये होने की जानकारी प्राप्त हुई है। भूमि के वास्तविक बाजार मूल्य का सत्यापन किया जाना है।


उल्लेखनीय है कि उक्त भूमि का उल्लेख उनके द्वारा विभाग को समर्पित वर्ष 2025-26 की परिसंपत्ति विवरणी (Asset Declaration) में नहीं किया गया है। इस प्रकार, प्रथम दृष्टया उक्त अचल संपत्ति को विभागीय परिसंपत्ति विवरणी में प्रदर्शित नहीं किए जाने का मामला प्रकाश में आया है, जो जांच की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।


तलाशी के दौरान अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटना स्थित आवास से लगभग 3 लाख रुपये नकद तथा कटिहार स्थित आवास से लगभग 2 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। इसके अतिरिक्त, कटिहार स्थित आवास से लगभग 250 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण भी प्राप्त हुए हैं। उक्त भूमि के क्रय संबंधी दस्तावेजों, क्रय मूल्य, वर्तमान बाजार मूल्य, वित्तीय स्रोतों तथा परिसंपत्ति विवरणी में भूमि का उल्लेख नहीं किए जाने के कारणों का सत्यापन किया जा रहा है। बरामद नकदी एवं आभूषणों के संबंध में भी आवश्यक जांच की जा रही है।


चारों ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई अभी जारी है। तलाशी की कार्रवाई पूर्ण होने के पश्चात बरामदगी एवं अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी अलग से उपलब्ध कराई जाएगी।