पटना में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, घूसखोर कर्मचारी चढ़ा हत्थे, 17 लाख का भुगतान कराने के नाम पर घूस

Bihar Vigilance
Bihar Vigilance - फोटो : news4nation

Bihar Vigilance  : राजधानी पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सेवानिवृत्त कर्मचारी के बकाया एरियर का भुगतान कराने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी। जानकारी के अनुसार, बिहारशरीफ स्थित एसबीएम कॉलेज में प्रयोग प्रदर्शक (डेमॉन्स्ट्रेटर) के पद पर कार्यरत रहे उमाशंकर उमरेबी के पिता सेवानिवृत्त हो चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्हें करीब 17 लाख रुपये का एरियर भुगतान नहीं मिला था। 


आरोप है कि इस राशि का भुगतान कराने के एवज में अमोद मिश्रा ने पीड़ित उमाशंकर उमरेबी से 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले ही 10 हजार रुपये ले चुका था। इसके बाद शेष 20 हजार रुपये लेने के लिए उसने पीड़ित को गुरुवार शाम गर्दनीबाग स्थित ऑफिसर्स फ्लैट में बुलाया।


पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस ने जाल बिछाया। जैसे ही अमोद मिश्रा ने पीड़ित से 20 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लिए, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि इस मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भी भूमिका तो नहीं है।