कैमरे की साझेदारी ने लिया खूनी मोड़, भोजपुर में युवक पर चाकू से हमला,इलाके में दहशत
कैमरे की साझेदारी को लेकर चल रहा पुराना विवाद उस वक्त खूनी झड़प में तब्दील हो गया, जब एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया।...
Bhojpur: चौरी थाना क्षेत्र के धनछुआ गांव में कैमरे की साझेदारी को लेकर चल रहा पुराना विवाद उस वक्त खूनी झड़प में तब्दील हो गया, जब एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया। घटना में 18 वर्षीय मनीष कुमार रजक घायल हो गया। घायल का इलाज कराया जा रहा है। मामले में मनीष ने गांव के ही प्रिंस कुमार उर्फ पिस्टल महतो पर मारपीट और चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है।
मनीष के मुताबिक, करीब दो वर्ष पहले उसने और प्रिंस कुमार ने शादी समारोहों की वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए मिलकर एक कैमरा खरीदा था। मनीष का दावा है कि कैमरे की पूरी रकम उसी ने अदा की थी। इसी रकम और कैमरे के स्वामित्व को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश धीरे-धीरे इस कदर बढ़ गई कि मामला मारपीट और कथित चाकूबाजी तक पहुंच गया।
घायल मनीष का कहना है कि वह सुबह शौच के लिए गया था। वहां से लौटने के बाद सड़क किनारे बैठा था, तभी कथित तौर पर प्रिंस कुमार उर्फ पिस्टल महतो पीछे से पहुंचा और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान चाकू निकालकर हमला कर दिया गया। मनीष ने किसी तरह खुद को बचाया और मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
घायल ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर के पास हथियार था, लेकिन गोली नहीं चली। उसका दावा है कि कैमरे को लेकर चल रहे विवाद के दौरान आरोपी ने अपने चाचा से भी बातचीत की थी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह, घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस की तफ्तीश के बाद ही यह साफ होगा कि कैमरे के विवाद के पीछे असली रंजिश क्या थी और हमले में कौन-कौन शामिल था।
रिपोर्ट- आषीश कुमार