Bihar Crime: गोलियों की गूंज से दहला बिहार, बुजुर्ग की हत्या से इलाके में दहशत का माहौल

Bihar Crime: बुजुर्ग को अज्ञात हमलावरों ने रात के अंधेरे में मौत की नींद सुला दिया। ...

Bhagalpur shaken by gunfire elderly mans murder
गोलियों की गूंज से दहला बिहार- फोटो : reporter

Bihar Crime:नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के पश्चिमी भिठ्ठा गांव में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गंगा किनारे एक घर से खामोश लाश बरामद हुई। 65 वर्षीय बुजुर्ग बूटो मंडल को अज्ञात हमलावरों ने रात के अंधेरे में मौत की नींद सुला दिया। यह वारदात इतनी बेरहमी से अंजाम दी गई कि पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, बूटो मंडल अपने घर में बेफिक्र सो रहे थे। तभी देर रात साये की तरह आए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली उनके पेट में और दूसरी सीने में जा धंसी वार इतना सटीक था कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सुबह जब ग्रामीणों की नजर पड़ी, तो खून से सना सच सामने आया और गांव में कोहराम मच गया।

घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आया। इस्माइलपुर थाना अध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को क्राइम सीन में तब्दील कर दिया गया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि इस खून के खेल की हर कड़ी को वैज्ञानिक तरीके से जोड़ा जा सके। पुलिस ने आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी है और संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

ग्रामीणों की मानें तो बूटो मंडल एक सीधे-सादे और शांत मिजाज के इंसान थे। उनका किसी से कोई विवाद या रंजिश सामने नहीं आई है, जिससे यह मामला और भी रहस्यमयी बन गया है। अब सवाल उठ रहा है क्या यह कोई पुरानी दुश्मनी थी, या फिर किसी साजिश का हिस्सा?

गंगा किनारे बसे इस गांव में अब हर चेहरा सहमा हुआ है। लोग अपने ही घरों में खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कातिल कौन है? और कत्ल की वजह क्या थी? ये दो सवाल अब पूरे इलाके में गूंज रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है, लेकिन जब तक कातिल बेनकाब नहीं होते, तब तक यह वारदात लोगों के दिलों में खौफ की तरह जिंदा रहेगी।

रिपोर्ट- अंजनी कश्यप