Bihar Crime: पुलिस का तगड़ा एक्शन, स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

Bihar Crime: एक सीक्रेट टिप के आधार पर चली कार्रवाई में पुलिस ने स्कार्पियो गाड़ी से भारी मात्रा में गांजा बरामद कर दो शातिर कारोबारियों को धर दबोचा।...

Bettiah Police Bust Huge Ganja Seized
हरा माल की बड़ी खेप बरामद- फोटो : reporter

Bihar Crime:बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में नशे के काले कारोबार पर पुलिस ने बड़ा वार किया है। बल्थर थाना क्षेत्र में एक सीक्रेट टिप के आधार पर चली कार्रवाई में पुलिस ने स्कार्पियो गाड़ी से भारी मात्रा में गांजा बरामद कर दो शातिर कारोबारियों को धर दबोचा।

मामला किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर बल्थर पुलिस इलाके में चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी मुखबिर से खबर मिली कि एक स्कॉर्पियो में ‘हरा माल’ की बड़ी खेप ट्रांजिट में है। पुलिस ने बिना देर किए माजर पुल के पास जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध गाड़ी मौके पर पहुंची, पुलिस टीम ने उसे घेर लिया और फिर जो खुलासा हुआ, उसने सबको चौंका दिया।

गाड़ी की तलाशी में कुल 85.15 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ इतनी बड़ी खेप साफ इशारा कर रही है कि ये कोई छोटा-मोटा धंधा नहीं, बल्कि एक संगठित ‘सप्लाई चेन’ का हिस्सा है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी लंबे समय से इस ‘नशे के कारोबार’ में सक्रिय बताए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक ये लोग सीमावर्ती इलाकों से माल लाकर बिहार के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करते थे।

इस पूरे ऑपरेशन में बल्थर थानाध्यक्ष और उनकी टीम ने ‘सटीक टाइमिंग’ के साथ कार्रवाई की, जिससे तस्करों को भागने का मौका तक नहीं मिला। फिलहाल दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ जारी है, ताकि इस ‘गैंग’ के बाकी कनेक्शन और नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

इस मामले में बल्थर थाना कांड संख्या-61/26 दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस ‘नशे के सिंडिकेट’ को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार छापेमारी और निगरानी बढ़ाई जाएगी। सवाल अब भी कायम है क्या इस गिरोह के पीछे कोई बड़ा ‘मास्टरमाइंड’ है? पुलिस की अगली चाल पर सबकी नजर टिकी है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार