Bihar Crime: बिहार में खून का खेल, नशाखुरानी गिरोह से जुड़े युवक का संदिग्ध शव बरामद, अवैध धंधे में रंजिश का शक
Bihar Crime: बिहार के बेगूसराय में अपराध की स्याह परछाईं एक बार फिर गहराती नजर आई है।
Bihar News: बिहार के बेगूसराय में अपराध की स्याह परछाईं एक बार फिर गहराती नजर आई है। नशाखुरानी गिरोह से जुड़े बताए जा रहे 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालात में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पसपुरा गांव के पास हुई, जहां सड़क किनारे युवक का शव पड़ा मिला।
मृतक की पहचान फुलवरिया थाना क्षेत्र के बरौनी बिचला टोला वार्ड संख्या-10 निवासी मोहम्मद हारून के पुत्र मोहम्मद मासूम के रूप में हुई है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, मासूम कथित तौर पर बरौनी जंक्शन इलाके में सक्रिय नशाखुरानी गिरोह से जुड़ा था और अपने साथियों के साथ वहां गिरोह का संचालन करता था।
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे मासूम घर से दूसरे की बाइक लेकर ननिहाल पसपुरा जाने की बात कहकर निकला था। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार चिंतित हो उठा। मोबाइल फोन भी बंद मिला। शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सड़क किनारे शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक के पिता ने बताया कि मासूम पहले कुछ मामलों में जेल जा चुका था, लेकिन पिछले दस महीनों से गांव में ही रह रहा था। 17 जनवरी को कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसको लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। परिजनों का आरोप है कि उसी रंजिश में उसे साजिश के तहत बुलाकर मौत के घाट उतार दिया गया। मृतक की मामी ने गले पर गमछे के निशान होने की बात कही है, जिससे गला घोंटकर हत्या की आशंका और गहरी हो गई है।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि अवैध धंधे की आपसी दुश्मनी में इस वारदात को अंजाम दिया गया और बाद में इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस फिलहाल हर एंगल से जांच में जुटी है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, बेगूसराय में यह हत्या रहस्य और दहशत का विषय बनी हुई है, और सबकी नजर पुलिस की जांच पर टिकी है।
रिपोर्ट- अजय शास्त्री