Bihar Crime: तिवारी गैंग का पर्दाफाश, चेन स्नैचिंग के शातिर गिरोह के 6 सदस्य धराए, हथियार और बाइक बरामद

Bihar Crime:अपराध की दुनिया में सक्रिय तिवारी गैंग पर पुलिस ने करारा वार करते हुए उसके छह शातिर सदस्यों को धर दबोचा है।...

Ara Tiwari Gang Busted 6 Held in Chain Snatching Racket
अंतरजिला गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार- फोटो : reporter

Bihar Crime:आरा में अपराध की दुनिया में सक्रिय तिवारी गैंग पर पुलिस ने करारा वार करते हुए उसके छह शातिर सदस्यों को धर दबोचा है। नगर थाना पुलिस और डीआईयू की संयुक्त टीम ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर इस अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया, जिससे शहर में छिनतई और लूट की वारदातों पर लगाम लगाने की उम्मीद जगी है।

सदर अस्पताल रोड पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों रोहित कुमार, ऋतिक मिश्रा, अमन कुमार, दीपक मिश्रा, विकास मिश्रा और जितेंद्र नट—को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी पटना के आर ब्लॉक इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और दो बाइक (पल्सर व अन्य) बरामद की गई, जो इनके आपराधिक मंसूबों का खुलासा करती है।

सदर एसडीपीओ-1 राजकुमार साह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। बाइक से शहर-शहर घूमकर ये लोग खासतौर पर बुजुर्गों को निशाना बनाते थे और उनके गले से सोने की चेन, मोबाइल और नकदी झपट लेते थे। इतना ही नहीं, ये बैंक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहले रेकी करते थे, फिर मौके देखकर वारदात को अंजाम देते थे। मामले का खुलासा 20 अप्रैल की सुबह हुई एक चेन स्नैचिंग घटना के बाद हुआ, जब मझौंवा बांध के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले राहुल कुमार के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली थी। पीड़ित की पत्नी किरण कुमारी के बयान पर नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।

तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को भनक लगी कि गिरोह के सदस्य शहर में सक्रिय हैं। महावीर टोला रोड से लेकर नागरमल मॉल तक पुलिस ने पीछा करते हुए आखिरकार सभी को घेराबंदी कर दबोच लिया।

पूछताछ में ऋतिक और रोहित ने चेन छिनतई की घटना में अपनी संलिप्तता कबूल की और बताया कि वे तिवारी गैंग के नाम से इस गिरोह को चलाते हैं। गिरफ्तार छह में से चार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि अन्य दो के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।फिलहाल सभी आरोपियों पर आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। इस बड़ी गिरफ्तारी से अपराधियों के बीच खौफ और आम लोगों में राहत का माहौल देखने को मिल रहा है।

रिपोर्टर- आशीष कुमार