Bihar Crime: विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज के लिए हत्या का आरोप, हिरासत में ननद-भैसुर

Bihar Crime: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके घर के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला।....

Bihar Crime: विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज के लिए हत्या का आ
विवाहिता की संदिग्ध मौत- फोटो : reporter

Bhojpur: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुली गांव मेंएक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके घर के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।

मृतका की पहचान महुली गांव निवासी अरविंद कुमार सिंह की 35 वर्षीय पत्नी प्रियंका कुमारी उर्फ जूली कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

शादी के बाद से ही पांच लाख रुपये मांगने का आरोप

मृतका के भाई पंकज कुमार ने आरोप लगाया कि प्रियंका की शादी 27 अप्रैल 2021 को अरविंद कुमार सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों की ओर से पांच लाख रुपये की मांग की जाने लगी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर प्रियंका को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार भी किया जाता था। परिवार की ओर से कई बार 10 से 20 हजार रुपये दिए गए, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना का सिलसिला नहीं थमा।

सुबह फोन कर बहन ने बताई थी मारपीट की बात

पंकज के मुताबिक, मंगलवार सुबह प्रियंका ने फोन कर अपने साथ मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी। भाई ने उसे ढांढस बंधाते हुए जल्द पहुंचने की बात कही, लेकिन प्रियंका ने तत्काल आने से मना कर दिया। उसका कहना था कि मायके वालों के पहुंचने से विवाद और बढ़ सकता है।इसके बाद जब परिजन महुली गांव पहुंचे तो घर के कमरे के बाहर ताला लगा मिला। आरोप है कि कमरे का ताला तोड़कर अंदर जाने पर प्रियंका का शव पंखे से लटका मिला। परिजनों ने शरीर पर चोट और खून के निशान होने की बात भी कही है। इसके आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।

ननद और भैसुर हिरासत में, पुलिस की तफ्तीश जारी

मुफस्सिल थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका की ननद और भैसुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मायके पक्ष से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।प्रियंका अपने पीछे एक पुत्र अनमोल कुमार और पुत्री बिन्नी कुमारी को छोड़ गई है। उसकी मौत से मायके में मातम पसरा है। मां कुसुम देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार की खुशियां उजड़ गई हैं और गांव में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार