Bihar Crime: महज 200 रुपये के लिए पति ने की पत्नी की पीट-पीटकर हत्या , इलाके में दहशत
Bihar Crime: पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पति पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है।
Bihar Crime: पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पति पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।भोजपुर जिले के तीयर थाना क्षेत्र के तीयर गांव में शुक्रवार की सुबह महज 200 रुपये के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया।
मृतका की पहचान तीयर थाना क्षेत्र के तीयर गांव के वार्ड नंबर-7 निवासी संतोष राम की 29 वर्षीय पत्नी सोनी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह पति-पत्नी के बीच दो सौ रुपये को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि संतोष राम ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में सोनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों को जब वारदात की जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मामूली रकम को लेकर हुई इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
घटना की सूचना मिलते ही तीयर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पति संतोष राम को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि 200 रुपये को लेकर विवाद किस बात पर शुरू हुआ और मारपीट की नौबत कैसे आई। पुलिस मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी पति पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।महज दो सौ रुपये को लेकर हुए विवाद में एक महिला की जान चले जाने की इस घटना ने घरेलू विवादों के हिंसक रूप लेने पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्टर -आशीष कुमार