Bihar Crime: दुर्गा पूजा पर दहशतगर्दों का सनसनीखेज वारदात, रात के अंधेरे में दो पूजा पंडालों में लगाया आग, बाइक भी फूंकी, इलाके में भयंकर आक्रोश

Bihar Crime: असामाजिक तत्वों द्वारा कथित तौर पर दो दुर्गा पूजा पंडालों और वहां खड़ी एक बाइक को आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Ara Durga Puja Pandals Set Ablaze
रात के अंधेरे में दो पूजा पंडालों में दहशतगर्दों ने लगाई आग- फोटो : reporter

Bihar Crime: भोजपुर जिले के आरा शहर में दुर्गा पूजा को लेकर चारों तरफ उल्लास और भक्ति का माहौल है। श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में लीन हैं और पूजा पंडालों में प्रतिमा स्थापना की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसी बीच नगर थाना क्षेत्र के भलुहीपुर स्थित खारा कुआं के समीप आगजनी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। असामाजिक तत्वों द्वारा दो दुर्गा पूजा पंडालों और वहां खड़ी एक बाइक को आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

रात के अंधेरे में पंडालों को बनाया निशाना

मिली जानकारी के मुताबिक, भलुहीपुर खारा कुआं के समीप दुर्गा पूजा के लिए दो पंडाल बनाए गए हैं। दोनों पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान रात के अंधेरे में अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर पंडालों में आग लगा दी। इतना ही नहीं, पंडाल के पास खड़ी एक बाइक को भी निशाना बनाया गया। आग की चपेट में आने से बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पंडालों से आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में खलबली मच गई। लोग फौरन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच हुई इस वारदात ने श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है।

आगजनी के बाद हंगामा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

घटना से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया और मामले की सूचना आरा नगर थाना पुलिस को दी। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि ऐसी घटनाओं से इलाके की शांति और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आगजनी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस की जांच जारी, इलाके में आक्रोश कायम

सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, आगजनी के कारणों और आरोपियों की संलिप्तता को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। फिलहाल, त्योहार के माहौल में हुई इस घटना के बाद इलाके में नाराजगी बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोषियों को जल्द चिह्नित कर कार्रवाई की जाए, ताकि शांति व्यवस्था कायम रहे और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

रिपोर्ट- आशीष कुमार