19 वर्षीय छात्रा को युवक ने मारी गोली, प्रेम-प्रसंग में घटना को अंजाम देने की जताई जा रही आशंका
Bihar Crime : सीतामढ़ी जिले में एक 19 वर्षीय छात्रा को युवक ने गोली मार दी। घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया जब छात्रा शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। पुलिस को घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग का आशंका है....
Sitamarhi : जिले पुपरी थाना क्षेत्र के सिनेमा रोड स्थित मलंग स्थान के समीप किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही एक छात्रा को युवक ने गोली मार दी। घायल युवती की पहचान दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आझौर (वार्ड नंबर 11) निवासी मोहम्मद सलाउद्दीन की 19 वर्षीय पुत्री सानिया खातून के रूप में हुई है। घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
शौच के लिए घर से बाहर निकली थी छात्रा
जख्मी सानिया खातून ने बताया कि वह अपने दो भाइयों और मां के साथ पुपरी में रहकर पढ़ाई करती है। शुक्रवार की रात जब वह घर से बाहर शौच के लिए निकली थी, तभी सुनील नामक एक युवक पैदल आया और अचानक उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद सानिया जमीन पर गिर पड़ी और आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवती के पिता दिल्ली में रहकर एक प्लाई फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।
निजी अस्पताल मे चल रहा इलाज
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल सानिया को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि, परिजनों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे शहर के एक निजी अस्पताल (नवजीवन अस्पताल) में भर्ती कराया। वहां के चिकित्सकों ने जांच के बाद पुष्टि की है कि युवती को एक गोली लगी है और फिलहाल उसका उपचार किया जा रहा है।
प्रेम-प्रसंग से मामला जुड़े होने की जताई जा रही आशंका
वारदात की सूचना मिलते ही पुपरी एसडीपीओ सुनीता कुमारी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना करने और शुरुआती जांच के बाद यह पूरा मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि जख्मी युवती का फर्द बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा। स्थानीय पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी सुनील को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद से पुपरी के सिनेमा रोड इलाके में रहने वाले अन्य छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।
अविनाश की रिपोर्ट