नवादा में 7 वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या, आंख फोड़कर उतारा मौत सके घाट
आर्यन की मां पिंकी देवी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या हुई है, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है।
Bihar News : बिहार के नवादा जिले में सात वर्षीय मासूम की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। काशीचक प्रखंड के बौरी गांव निवासी करू चौधरी के सात वर्षीय पुत्र आर्यन राज का शव मिलने के बाद परिजनों ने उसकी आंख फोड़कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात पुलिस ने आर्यन का शव बरामद किया था। रविवार को घटना से नाराज ग्रामीणों ने बौरी रोड जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हत्या के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
मृतक आर्यन राज अपने परिवार में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में दो छोटे भाई और एक बहन हैं। बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। आर्यन की मां पिंकी देवी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या हुई है, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के कारण इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दे रहे हैं।
अमन की रिपोर्ट