WhatsApp नहीं रहा फ्री! अब प्रति मैसेज भेजने के लगेंगे 14 पैसे... 1 अक्टूबर से नया नियम लागू
Meta की ओर से जारी प्राइसिंग नियमों के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 से बिजनेस मैसेजिंग के कुछ मामलों में कंपनियों से नए तरीके से शुल्क लिया जाएगा। व्हाट्सएप पर यह करीब 14 पैसे प्रति मैसेज हो सकती है।
WhatsApp : व्हाट्सएप यूजर्स के बीच इन दिनों एक खबर तेजी से चर्चा में है कि अब प्लेटफॉर्म पर एक मैसेज भेजने के लिए करीब 14 पैसे चुकाने होंगे। इस खबर के सामने आने के बाद कई यूजर्स के मन में सवाल है कि क्या 1 अक्टूबर 2026 से WhatsApp इस्तेमाल करना भी महंगा हो जाएगा?
तो यह खबर सच है, यह बदलाव WhatsApp Business API से जुड़े नए बिलिंग नियमों का हिस्सा है। Meta की ओर से जारी प्राइसिंग नियमों के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 से बिजनेस मैसेजिंग के कुछ मामलों में कंपनियों से नए तरीके से शुल्क लिया जाएगा। हालांकि, आम यूजर्स को इस खबर से परेशान होने की जरूरत नहीं है। WhatsApp पर सामान्य चैट पहले की तरह मुफ्त रहेगी।
आम WhatsApp यूजर्स पर क्या असर
अगर आप परिवार, दोस्तों या किसी अन्य व्यक्ति को WhatsApp पर मैसेज भेजते हैं, तो इसके लिए आपको कोई पैसा नहीं देना होगा। यहां तक कि किसी बिजनेस अकाउंट से चैट करने पर भी ग्राहक से मैसेज का शुल्क नहीं लिया जाएगा। नया चार्जिंग सिस्टम मुख्य रूप से उन बड़े बिजनेस और एंटरप्राइज अकाउंट्स पर लागू होगा, जो WhatsApp Business API के जरिए ग्राहकों को बड़े पैमाने पर ऑटोमेटेड मैसेज भेजते हैं।
किन को देना होगा पैसा?
बैंक, ई-कॉमर्स कंपनियां, ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म, स्टार्टअप और अन्य बड़े कारोबार WhatsApp के जरिए ग्राहकों को ऑटोमेटेड मैसेज भेजते हैं। इनमें बैंक अलर्ट, OTP, डिलीवरी अपडेट, ऑर्डर स्टेटस और लॉगिन से जुड़े संदेश शामिल हैं। ऐसे संदेशों के लिए संबंधित बिजनेस को Meta को शुल्क देना होता है।
1 अक्टूबर से क्या बदलेगा?
Meta ने जुलाई 2025 से WhatsApp Business में पुराने 24 घंटे वाले कन्वर्सेशन मॉडल की जगह प्रति-मैसेज आधारित शुल्क व्यवस्था लागू की थी। अब 1 अक्टूबर से सर्विस और यूटिलिटी मैसेजिंग की कीमतों में एक और बदलाव होने जा रहा है। कस्टमर सपोर्ट से जुड़े कुछ सर्विस मैसेज के लिए प्रत्येक बिजनेस फोन नंबर को महीने में 1,000 मुफ्त मैसेज की सीमा मिलेगी। यह सीमा समाप्त होने के बाद अतिरिक्त संदेशों पर शुल्क लगेगा। वहीं, ग्राहक की ओर से मैसेज आने के बाद 24 घंटे की सपोर्ट विंडो में भेजे जाने वाले कुछ यूटिलिटी मैसेज पर भी शुल्क लागू होगा।
कितने पैसे देने होंगे?
प्रमोशनल और मार्केटिंग मैसेज के लिए कंपनियों से करीब .86 पैसे प्रति मैसेज तक शुल्क लिया जा सकता है। वहीं, OTP, ऑर्डर स्टेटस और डिलीवरी अपडेट जैसे सर्विस मैसेज के लिए करीब 11.5 पैसे प्रति मैसेज का शुल्क बताया गया है। GST जोड़ने के बाद यह राशि करीब 14 पैसे प्रति मैसेज हो सकती है।
इसलिए WhatsApp पर 14 पैसे प्रति मैसेज का दावा आम यूजर्स के लिए नहीं है। यह शुल्क मुख्य रूप से WhatsApp Business API का इस्तेमाल करने वाले कारोबारों से संबंधित है।