PM Modi appeal: PM की अपील के बाद क्या गोल्ड खरीदने पर सरकार लगा सकती है रोक? समझें कानून

PM Modi appeal: क्या PM मोदी की अपील के बाद सोना खरीदने पर लगेगा जुर्माना? जानिए भारत में सोना खरीदने के कानून और आयकर नियम।

PM Modi appeal
सोना खरीदने वालों के लिए जरूरी जानकारी- फोटो : freepik

PM Modi appeal: दुनिया में बढ़ते वैश्विक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लोगों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की है। इस बयान के बाद देशभर में चर्चा शुरू हो गई है। कई लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि अगर कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री की अपील के बाद भी सोना खरीदता है तो क्या उस पर जुर्माना लग सकता है या कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

इसका सीधा जवाब है कि भारत में सोना खरीदना पूरी तरह कानूनी है। प्रधानमंत्री की अपील सिर्फ आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए की गई है। यह कोई कानून या प्रतिबंध नहीं है। सरकार ने ऐसा कोई नियम लागू नहीं किया है जिसमें सोना खरीदने पर रोक लगाई गई हो।

90 प्रतिशत से ज्यादा सोना विदेशों से आयात

भारत अपनी जरूरत का 90 प्रतिशत से ज्यादा सोना विदेशों से आयात करता है। इसके लिए बड़ी मात्रा में डॉलर विदेश भेजने पड़ते हैं। ऐसे समय में जब तेल की कीमतें बढ़ रही हैं और दुनिया में आर्थिक अनिश्चितता बनी हुई है, सरकार चाहती है कि सोने का आयात कम हो ताकि विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम पड़े और रुपये को मजबूती मिले। मौजूदा कानून के अनुसार लोग गहने, सोने के सिक्के, सोने की ईंट या डिजिटल गोल्ड खरीद सकते हैं। लोग जौहरी, बैंक या अधिकृत डीलर से बिना किसी डर के सोना खरीद सकते हैं। भारत में कोई तय सीमा नहीं है कि कोई व्यक्ति कितना सोना अपने पास रख सकता है। हालांकि यह जरूरी है कि जरूरत पड़ने पर वह यह बता सके कि सोना खरीदने के लिए पैसा कहां से आया।

महिला के पास कितना सोना होना चाहिए?

आयकर विभाग सोने के बड़े लेन-देन पर नजर जरूर रखता है ताकि टैक्स चोरी और काले धन के इस्तेमाल को रोका जा सके। अगर किसी व्यक्ति के पास सोने की खरीद के बिल और आय के वैध दस्तावेज हैं तो उसे कोई परेशानी नहीं होती। नियमों के अनुसार शादीशुदा महिला के पास 500 ग्राम तक, अविवाहित महिला के पास 250 ग्राम तक और पुरुष के पास 100 ग्राम तक सोना बिना दस्तावेज के भी होने पर सामान्य तौर पर सवाल नहीं उठाया जाता।

सोने का स्रोत संदिग्ध होने पर कार्रवाई

जुर्माना सिर्फ सोना खरीदने पर नहीं लगता। कार्रवाई तब होती है जब किसी व्यक्ति के पास मौजूद सोने का स्रोत संदिग्ध हो या वह यह नहीं बता पाए कि सोना खरीदने के लिए पैसा कहां से आया। ऐसे मामलों में आयकर विभाग भारी टैक्स और जुर्माना लगा सकता है।यानि साफ है कि प्रधानमंत्री की अपील आर्थिक बचत और विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत रखने के उद्देश्य से की गई है। यह कोई कानूनी प्रतिबंध नहीं है और आम लोग अभी भी नियमों के तहत सोना खरीद सकते हैं।