Petrol-Diesel: पड़ोसी देश की सरकार का बड़ा धमाका! पेट्रोल-डीजल 22 रुपये सस्ता, लोगों ने ली चैन की सांस

Petrol-Diesel: पाकिस्तान में शहबाज शरीफ सरकार ने ईद से पहले पेट्रोल और डीजल के दाम 22 रुपये प्रति लीटर कम कर दिए हैं। मई में कुल 33 रुपये तक सस्ता हुआ पेट्रोल।

 Petrol-Diesel
तेल के दाम धड़ाम!- फोटो : freepik

 Petrol-Diesel: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव, होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास हालात और पश्चिम एशिया में जारी अनिश्चितता के कारण दुनिया के कई देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर असर पड़ रहा है। भारत समेत कई जगहों पर ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार कम किए जा रहे हैं।

पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने 29 मई को पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में बड़ी कटौती का ऐलान किया। सरकार ने ईद-अल-अजहा से पहले जनता को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम 22 रुपये प्रति लीटर कम कर दिए। सरकार ने इसे ईद का तोहफा बताया है।

मई महीने में तीसरी बार ईंधन की कीमतें घटाई गई

यह मई महीने में तीसरी बार है जब पाकिस्तान में ईंधन की कीमतें घटाई गई हैं। सबसे पहले 15 मई को पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई थी। इसके बाद 22 मई को साप्ताहिक समीक्षा के दौरान पेट्रोल 6 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल 6.80 रुपये प्रति लीटर सस्ता किया गया। इसके बाद 29 मई को सरकार ने सबसे बड़ी कटौती करते हुए पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम 22 रुपये प्रति लीटर कम कर दिए। इस तरह मई महीने में पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत कुल 33 रुपये प्रति लीटर कम हुई है, जबकि हाई-स्पीड डीजल 33.80 रुपये प्रति लीटर सस्ता हुआ है।

पाकिस्तान सरकार के फैसले

पाकिस्तान सरकार के इस फैसले के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में देश में महंगाई लगातार बढ़ी थी और मार्च-अप्रैल के दौरान ईंधन की कीमतें 414 रुपये प्रति लीटर से ऊपर पहुंच गई थीं। इससे माल ढुलाई, सार्वजनिक परिवहन और रोजमर्रा के खर्चों पर सीधा असर पड़ा था। बढ़ती महंगाई से परेशान लोगों ने कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन भी किए थे। ऐसे में सरकार पर जनता को राहत देने का दबाव बढ़ रहा था। बताया जा रहा है कि सरकार ने तेल कंपनियों के मुनाफे और कुछ करों में समायोजन करके ईंधन की कीमतें कम करने का फैसला लिया, ताकि लोगों को सीधा लाभ मिल सके।

IMF की वजह से घटाए गए दाम?

इसके अलावा एक और महत्वपूर्ण वजह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) से जुड़ी हुई है। पाकिस्तान इस समय IMF के आर्थिक कार्यक्रम के तहत कई शर्तों का पालन कर रहा है। IMF ने तेल पर एक निश्चित लेवी वसूलने की शर्त रखी थी। हालांकि अब सरकार चालू वित्त वर्ष में अपने टैक्स संग्रह लक्ष्य के करीब पहुंच रही है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी का फायदा सरकार खुद रखने के बजाय उपभोक्ताओं तक पहुंचा रही है। ईद से पहले पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई इस बड़ी कटौती से पाकिस्तान में आम लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इससे परिवहन लागत कम हो सकती है और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है।