India LPG Shortage: गैस की टेंशन खत्म? ‘छोटू’ सिलेंडर बना लाइफलाइन, जानें नया नियम
India LPG Shortage: देश में जारी गैस की किल्लत के बाद सरकार ने कहा कि 5 किलो LPG सिलेंडर अब सिर्फ ID पर उपलब्ध होगा। इस दौरान सरकार ने कालाबाजारी रोकने और सप्लाई बनाए रखने के लिए कदम उठाए हैं।
India LPG Shortage: सरकार ने 5 किलो वाले छोटे LPG सिलेंडर को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। अब यह सिलेंडर किसी भी नजदीकी गैस एजेंसी से सिर्फ एक वैध पहचान पत्र दिखाकर लिया जा सकता है। इसके लिए पते का कोई प्रूफ देने की जरूरत नहीं होगी। पश्चिम एशिया में चल रहे हालात के बीच सरकार देश में ईंधन की सप्लाई बनाए रखने के लिए तेजी से कदम उठा रही है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, शुक्रवार को ही 71,000 से ज्यादा 5 किलो वाले सिलेंडर बेचे गए। वहीं 23 मार्च से अब तक करीब 5.7 लाख छोटे सिलेंडर बिक चुके हैं।
सरकार ने साफ कहा है कि यह कदम देशभर में पेट्रोलियम और LPG की सप्लाई बिना रुकावट जारी रखने के लिए उठाया गया है। लोगों से अपील की गई है कि घबराकर ज्यादा खरीदारी न करें और जरूरत से ज्यादा गैस बुकिंग से बचें। मंत्रालय के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय हालात की वजह से सप्लाई पर असर जरूर पड़ा है, लेकिन देश में किसी भी गैस एजेंसी पर स्टॉक खत्म होने की कोई जानकारी नहीं मिली है। शुक्रवार को ही करीब 51 लाख घरेलू गैस सिलेंडर लोगों तक पहुंचाए गए।
सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी
इसके साथ ही सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। शुक्रवार को 3,700 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की गई। अब तक 1,000 से ज्यादा गैस एजेंसियों को नोटिस दिया गया है और 27 एजेंसियों को सस्पेंड किया गया है। सरकार जरूरत के हिसाब से अलग-अलग इलाकों में 5 किलो वाले सिलेंडर ज्यादा मात्रा में पहुंचाने की योजना भी बना रही है। इसके अलावा, लोगों को दूसरे विकल्प जैसे पाइप गैस (PNG), इंडक्शन चूल्हा और मिट्टी के तेल का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है।
48,000 किलोलीटर अतिरिक्त मिट्टी का तेल भी
सरकार ने राज्यों को 48,000 किलोलीटर अतिरिक्त मिट्टी का तेल भी दिया है ताकि खाना बनाने और रोशनी की जरूरत पूरी हो सके। इस बीच पेट्रोल पंप पर भी पर्याप्त स्टॉक है और वे सामान्य तरीके से काम कर रहे हैं। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से लोगों को राहत देने के लिए सरकार ने टैक्स में कटौती की है और घरेलू सप्लाई को सुरक्षित रखने के लिए कुछ निर्यात पर शुल्क भी लगाया है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, ऊर्जा बचाएं और बिना जरूरत के खरीदारी न करें।