LPG Cylinder New Rate: 7 जून से घरेलू गैस सिलेंडर 29 रुपये महंगा, दिल्ली, पटना, मुंबई और लखनऊ के जानें नए रेट

LPG Cylinder New Rate: 7 जून 2026 से घरेलू LPG सिलेंडर 29 रुपये महंगा हो गया है। दिल्ली, पटना, मुंबई, लखनऊ समेत प्रमुख शहरों के नए रेट, कीमत बढ़ने की वजह और सरकार का बयान जानें।

 LPG Cylinder New Rate
घरेलू LPG सिलेंडर - फोटो : freepik

 LPG Cylinder New Rate: देशभर में आम लोगों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। अब खाना पकाने वाली गैस के लिए उपभोक्ताओं को पहले से अधिक पैसे चुकाने होंगे। नई कीमतें 7 जून से लागू कर दी गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। यह बढ़ोतरी पिछली कीमत बढ़ने के करीब तीन महीने बाद हुई है। इससे पहले 7 मार्च को घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। अब एक बार फिर कीमत बढ़ने से परिवारों के मासिक खर्च पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

अलग-अलग शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर की नई कीमतें इस प्रकार हैं। दिल्ली में कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। पटना में 1002.50 रुपये से बढ़कर 1031.50 रुपये हो गई है। हैदराबाद में 967 रुपये से बढ़कर 996 रुपये हो गई है। लखनऊ में 951 रुपये से बढ़कर 980 रुपये हो गई है। कोलकाता में 939 रुपये से बढ़कर 968 रुपये हो गई है। चेन्नई में 928.50 रुपये से बढ़कर 957.50 रुपये हो गई है। जयपुर में 916.50 रुपये से बढ़कर 945.50 रुपये हो गई है। मुंबई में 912.50 रुपये से बढ़कर 941.50 रुपये हो गई है। जबकि बेंगलुरु में 915.50 रुपये की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

LPG सिलेंडर की कीमत बढ़ाने की बड़ी वजह

कीमत बढ़ाने की बड़ी वजह मध्य-पूर्व में जारी तनाव को माना जा रहा है। इस तनाव का असर वैश्विक तेल और गैस सप्लाई चेन पर पड़ा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की कीमतों में बदलाव देखने को मिला है। इसी कारण घरेलू बाजार पर भी दबाव बढ़ा है।

कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 993 रुपये का इजाफा

इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) जैसी सरकारी तेल कंपनियां लंबे समय से घरेलू LPG सिलेंडर को लागत से कम कीमत पर बेच रही थीं। सूत्रों के अनुसार, 29 रुपये की यह बढ़ोतरी कंपनियों को हो रहे नुकसान यानी अंडर-रिकवरी की आंशिक भरपाई के लिए की गई है। इससे पहले 1 जून को कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। मई महीने में भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 993 रुपये का इजाफा हुआ था। अब कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने के छह दिन बाद घरेलू उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया है।

प्राकृतिक गैस मंत्रालय का बयान

इस मामले पर सरकार का भी बयान सामने आया है। मंत्रालयों के बीच हुई एक ब्रीफिंग में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार ने घरेलू LPG की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उत्पादन बढ़ाने और आयात की व्यवस्था सहित कई कदम उठाए हैं। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि घरेलू खाना पकाने वाले LPG सिलेंडर पर लागत और बिक्री मूल्य के बीच का अंतर यानी अंडर-रिकवरी अभी भी लगभग 700 रुपये के आसपास है। सुजाता शर्मा ने LPG की मांग में हाल में आई कमी की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि कमर्शियल और औद्योगिक क्षेत्रों में LPG की खपत कम हुई है। इसके अलावा बुकिंग चक्र को 25 दिन और 45 दिन के अनुसार बेहतर तरीके से प्रबंधित किया गया है। साथ ही डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) आधारित डिलीवरी व्यवस्था लागू होने से भी मांग के आंकड़ों में बदलाव देखा गया है।