Bihar Crime: टोटो चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, घर लौटने के आधे घंटे बाद मौत, वैशाली में तनाव

Bihar Crime: टोटो चोरी के शक में एक युवक की कथित रूप से बेरहमी से पिटाई कर दी गई।...

Vaishali Youth Lynched  Over Alleged E Rickshaw Theft
चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई- फोटो : reporter

Vaishali:   जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां टोटो चोरी के शक में एक युवक की कथित रूप से बेरहमी से पिटाई कर दी गई। पिटाई के बाद गंभीर हालत में युवक को उसके घर छोड़ दिया गया, लेकिन घर पहुंचने के करीब आधे घंटे बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में बवाल और तनाव का माहौल है।

घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के खपुरा गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांव के युवक सन्नी पर टोटो चोरी का आरोप लगाया गया था। इसी आरोप के तहत कुछ लोगों ने उसे पकड़कर बुरी तरह पीटा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिटाई इतनी गंभीर थी कि युवक लहूलुहान हालत में पहुंच गया।

आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी युवक को उसके घर छोड़कर मौके से फरार हो गए। घर पहुंचने के बाद परिजनों ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी और करीब आधे घंटे के भीतर उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में आक्रोश फैल गया।

सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है कि आखिर युवक की मौत केवल पिटाई से हुई या इसके पीछे कोई और वजह भी शामिल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस लगातार लोगों को शांत कराने में जुटी है। वहीं परिजनों की मांग है कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी हो और उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाए।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार