ममता का कत्ल! बेटे को थप्पड़ मारा तो भड़क उठा पति, पत्नी को पीट-पीटकर उतार दिया मौत के घाट
वैशाली के सदर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक मां को अपने ही बेटे को थप्पड़ मारना इतना महंगा पड़ा कि उसके पति और ससुराल वालों ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी।
Vaishali - बिहार के वैशाली जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। सदर थाना क्षेत्र के बरोपुर गांव में एक महिला को अपने मासूम पुत्र को थप्पड़ मारने की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। आरोप है कि बच्चे को पीटने से नाराज पति और ससुराल वालों ने 27 वर्षीय अनु कुमारी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए।
बेटे को मारा था थप्पड़, मां को मिली मौत
मृतका की पहचान राकेश कुमार की पत्नी अनु कुमारी के रूप में हुई है। मृतका के पिता सुबोध कुमार मिश्रा ने बताया कि कल शाम अनु ने अपने बेटे को किसी बात पर थप्पड़ मार दिया था। इस मामूली बात को लेकर पति और ससुराल वाले भड़क गए और उसे प्रताड़ित करने लगे। अनु ने फोन पर अपने पिता को इस टॉर्चर की जानकारी भी दी थी, लेकिन जब तक परिजन सुबह वहां पहुँचते, तब तक उसकी जीवनलीला समाप्त कर दी गई थी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सुबूत, ससुराल वाले फरार
घटना की सूचना मिलते ही मायके वाले बरोपुर पहुँचे, जहाँ अनु का शव सोफे पर पड़ा मिला। घर के सभी सदस्य गायब थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम (FSL) को बुलाया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स इकट्ठा किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
5 साल पहले हुई थी शादी, पीछे छूट गया मासूम
परिजनों के अनुसार, अनु की शादी 5 साल पहले हुई थी और उसका एक बेटा भी है। मृतका के पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि उन्हें अंदेशा नहीं था कि मामूली कहासुनी इतनी बड़ी वारदात में बदल जाएगी। पुलिस अब फरार पति और अन्य ससुराल वालों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
क्या कहती है पुलिस?
सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट कर हत्या का प्रतीत हो रहा है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस ने मामले की स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।