बिहार में शराबबंदी के बीच 'कच्ची घानी' की आड़ में तस्करी: वैशाली पुलिस ने 50 लाख की विदेशी शराब के साथ 2 को दबोचा
वैशाली जिले के महुआ में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पंजाब से कोलकाता जा रही शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है।
Vaishali -: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को चुनौती दे रहे शराब तस्करों के खिलाफ महुआ थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए महुआ-ताजपुर मुख्य सड़क पर स्थित छतवारा पेट्रोल पंप के पास से एक 12 चक्का ट्रक को जब्त किया है । इस ट्रक में 'कच्ची घानी' तेल के डिब्बों की आड़ में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर की तस्करी की जा रही थी 。
पंजाब से कोलकाता जा रही थी 4651 लीटर शराब
महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि जब्त की गई शराब की कुल मात्रा करीब 4651 लीटर है, जिसे 489 कार्टून में भरकर रखा गया था । उन्होंने जानकारी दी कि यह खेप पंजाब से लाई गई थी और इसे कोलकाता ले जाया जा रहा था । पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने ट्रक में 1200 लीटर राजधानी एक्सप्रेस कच्ची घानी तेल के बीच शराब को छिपा रखा था । बरामद शराब की बाजार में अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है ।
दो राज्यों के तस्कर पुलिस की गिरफ्त में
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक के चालक और खलासी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है । गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इकबाल (पंजाब निवासी) और सन्नी कुमार (उत्तर प्रदेश निवासी) के रूप में हुई है । महुआ थाना अध्यक्ष राजेश रंजन के अनुसार, पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट के नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बिहार में इस खेप की डिलीवरी कहाँ होनी थी ।
Report - Rishav kumar