वैशाली ऑनर किलिंग: ममेरी बहन का अश्लील वीडियो वायरल करने पर भांजे की बेरहमी से हत्या, पुलिस ने बरामद किया था अधजला शव
वैशाली जिले से एक खौफनाक वारदात सामनेआई है। जहां एक व्यक्ति द्वारा अपने भांजे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के पीछे मृतक द्वारा अपनी ममेरी बहन का अश्लील वीडियों वायरल करना बताया जा रहा है...
Vaishali : जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में बीती 30 जून को पुलिस ने एक युवक का अधजला शव बरामद किया था। हत्या की इस खौफनाक वारदात में शव का एक हाथ भी कटा हुआ था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की इस हालत के कारण पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करने और हत्यारों का सुराग लगाने की थी।
विशेष टीम ने दो दिनों में किया खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में बनी इस टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान (सर्वेलांस और लोकल इनपुट) का सहारा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो दिनों के भीतर न सिर्फ इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली, बल्कि मुख्य आरोपी को भी धर दबोचा।
मामा के घर रहकर करता था पढ़ाई
पुलिस जांच में मृतक की पहचान समस्तीपुर निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई। नीतीश पटना के चौक थाना इलाके में अपने मामा लालबाबू राय के घर पर रहकर पढ़ाई करता था। इसी दौरान उसका अपनी ममेरी बहन (मामा की बेटी) से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। जब इसकी भनक मामा लालबाबू राय को लगी, तो उन्होंने नीतीश को काफी समझाया और घर से निकाल दिया, जिसके बाद नीतीश चेन्नई जाकर काम करने लगा।
अश्लील वीडियो वायरल करने पर रची साजिश
चेन्नई जाने के बाद नीतीश ने अपनी ममेरी बहन के कुछ अश्लील वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। इस बात से आक्रोशित होकर पिता (मामा लालबाबू राय) ने अपने भाई मनोज राय के साथ मिलकर भांजे की हत्या की खौफनाक साजिश रची। उन्होंने नीतीश को वापस बुलाया और समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना, तो दोनों भाइयों ने मिलकर नीतीश की हत्या कर दी और पहचान छुपाने के लिए शव को जलाकर हाथ काट दिया।
मुख्य आरोपी मामा गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
पुलिस टीम ने इस ऑनर किलिंग के मुख्य आरोपी मामा लालबाबू राय को पटना सिटी से गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इस खौफनाक हत्याकांड में शामिल दूसरे आरोपी मामा मनोज राय की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिषभ की रिपोर्ट