वैशाली में खौफ का खेल: किराना व्यवसायी से 50 लाख की रंगदारी, कॉल रिकॉर्डिंग में दी 'विकेट गिराने' की धमकी
बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों ने सराय थाना क्षेत्र के एक किराना व्यवसायी से पहले 10 लाख और पुलिस को सूचना देने पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। वायरल ऑडियो में अपराधी 'विकेट गिराने' (हत्या करने) की धमकी दे रहा है
Vaishali - : बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला सराय थाना क्षेत्र के शीतल भकुरहर गांव का है, जहां एक प्रतिष्ठित किराना व्यवसायी जयनंदन साह को फोन पर जान से मारने की धमकी देते हुए भारी-भरकम रंगदारी की मांग की गई है। अपराधियों ने न केवल रुपयों की मांग की, बल्कि पुलिस के पास जाने पर बुरा अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी।
10 लाख से शुरू होकर 50 लाख तक पहुँचा मामला
पीड़ित जयनंदन साह के अनुसार, रंगदारी का यह सिलसिला 7 मार्च 2026 की रात करीब 8:30 बजे शुरू हुआ। पहली कॉल में अज्ञात अपराधी ने उनसे 10 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर दुकान में घुसकर गोली मारने की बात कही। हालांकि, जब व्यवसायी ने इसकी शिकायत पुलिस से की, तो अपराधी ने दोबारा फोन कर रंगदारी की रकम बढ़ाकर सीधे 50 लाख रुपये कर दी।
ऑडियो रिकॉर्डिंग में चौंकाने वाले खुलासे
पीड़ित द्वारा पुलिस को सौंपी गई ऑडियो रिकॉर्डिंग में अपराधी की आवाज बेहद आक्रामक है। अपराधी फोन पर यह कहते सुना जा रहा है कि "तुमने थाना को फोन किया है, अब 10 लाख नहीं 50 लाख लगेंगे"। इतना ही नहीं, अपराधी ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि वह दुकान में घुसकर 'विकेट गिरा देगा' (जान से मार देगा) और इसमें कोई पुलिस या प्रशासन उसे नहीं बचा पाएगा।
दहशत में व्यवसायी का परिवार
व्यवसायी जयनंदन साह ने बताया कि वह साल 2013 से गांव में ही अपना किराना स्टोर चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों द्वारा सीधे जान से मारने की धमकी मिलने के बाद से उनका पूरा परिवार डरा हुआ है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका पहले से किसी से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं रहा है, फिर भी उन्हें इस तरह निशाना बनाया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी के प्रयास
वैशाली एसपी विक्रम सिहाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि व्यवसायी के आवेदन पर सराय थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्धों की पहचान की संभावना जताई जा रही है। एसपी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
Report - Rishav kumar