Vaishali Road Accident: वैशाली में तेज रफ्तार बनी काल, बाइक हादसे में 2 की जान गई

Vaishali Road Accident: वैशाली के महनार में दो बाइकों की जोरदार टक्कर में 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल है।

Vaishali Road Accident
दो बाइकों की जोरदार टक्कर- फोटो : social media

Vaishali Road Accident: वैशाली जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यह घटना महनार स्टेशन रोड स्थित सुरहा टोला के पास हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक की पहचान हसनपुर पटोरी निवासी अभय राय के रूप में हुई है। वह रामएक्वाल राय के पुत्र बताए गए हैं। वहीं दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को लेकर नाराजगी

हादसे में घायल अनील पासवान और मनोज पासवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। अनील पासवान देशराजपुर जंगलिया टोला के रहने वाले हैं, जबकि मनोज पासवान समस्तीपुर जिले के पटोरी के निवासी बताए गए हैं। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही थी। इस हादसे के बाद महनार सीएचसी की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि घायल काफी देर तक एंबुलेंस और ऑक्सीजन के इंतजार में तड़पते रहे। मौके पर मौजूद लोगों ने अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर इलाज और जरूरी सुविधाएं मिल जातीं, तो शायद घायलों की हालत बेहतर हो सकती थी। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।