पोखर से बरामद हुआ अज्ञात महिला का शव, हत्या की जताई जा रही आशंका
Vaishali : जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के मियां भैरव गांव के चौड़ में स्थानीय लोगों ने पानी में तैरता हुआ एक महिला का शव देखा, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना भगवानपुर थाने की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही भगवानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर स्थानीय लोगों से पहचान करने की कोशिश की लेकिन पहचान नहीं हो पाई है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से कई वैज्ञानिक साक्ष इकठा किए हैं। पुलिस लगातार महिला की पहचान करने में जुटी है, लेकिन महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम के बाद पहचान करने के लिए 72 घंटे तक शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखा जाएगा।
घटना की जानकारी देते हुए एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि जलाशय में एक महिला का शव बरामद हुआ है। देखने से लग रहा है कि शव चार-पांच दिन पहले का है। महिला का चेहरा पूरी तरह से गल चुका है। जिससे पहचान करने में दिक्कत हो रही है।
उन्होंने बताया कि देखने से महिला का उम्र 25 वर्ष लग रहा है। बोरी में ईट बांधकर महिला को जलाशय में डुबाया गया है। जब शरीर पूरी तरीके से पानी में फूल गया तो वह ऊपर आ गया है। हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदु पर जांच की जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और महिला की पहचान होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
रिपोर्ट- रिषभ कुमार