गंडक नदी में नहाने के दौरान दो किशोरों की डूबने से मौत, सोशल मीडिया पर चप्पल-साइकिल की फोटो देख परिजनों को मिली जानकारी
Bihar News : वैशाली जिले में गड़क नदी में डूबने से दो किशोर बच्चों की मौत हो गई। परिजनों को इस बात की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। घटना के बाद परिवार मे कोहराम मचा हुआ है...
Vaishali : जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। जहां जिला मुख्यालय हाजीपुर के नगर थाना अंतर्गत तगौल घाट पर आज रविवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना घटी। गंडक नदी में स्नान करने के दौरान दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान बागमली निवासी अजय राय के 12 वर्षीय पुत्र रवि कुमार और मुजफ्फरपुर के तुर्की निवासी (वर्तमान निवासी बागमली) राणा सिंह के 11 वर्षीय पुत्र अंश कुमार उर्फ भोला के रूप में हुई है। घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की है, जब दोनों किशोर नदी किनारे गए थे।
साइकिल और चप्पल की तस्वीर से हुई पहचान
घटना की जानकारी बड़े ही अजीबोगरीब तरीके से मिली। दरअसल, अंश कुमार घर से साइकिल पर गेहूं पिसाने निकला था, लेकिन वह रवि के साथ नदी किनारे पहुँच गया। जब दोनों डूबने लगे तो वहां मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया। इसी बीच एक व्यक्ति ने नदी किनारे लावारिस पड़े चप्पल और पानी में डूबी साइकिल की तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इंटरनेट पर अपने बच्चों के सामान की तस्वीर देख परिजन बदहवास होकर घाट पर पहुँचे, जिससे इलाके में कोहराम मच गया।
SDRF ने घंटों सर्च ऑपरेशन चलाकर निकाले शव
हादसे की सूचना मिलते ही नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मोहन कुमार, प्रभारी सीओ उदय कुमार और एसडीआरएफ की दो टीमें मौके पर पहुँचीं। एसडीआरएफ के गोताखोरों ने उफनती गंडक नदी में घंटों कड़ी मशक्कत की और सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों किशोरों को बाहर निकाला। आनन-फानन में पुलिस उन्हें सदर अस्पताल ले गई, जहाँ चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इकलौता चिराग बुझने से परिवार में मातम
मृतकों में शामिल अंश कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी माँ बच्चों की पढ़ाई के लिए पिछले कई वर्षों से मुजफ्फरपुर से आकर बागमली में किराए के मकान में रह रही थी। घर का इकलौता चिराग बुझने और रवि की असमय मौत से दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक नाविक ने नदी से साइकिल निकालकर किनारे की थी, जिससे उनकी मौजूदगी की पुष्टि हुई थी।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव
नगर थाना प्रभारी मोहन कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ की मदद ली और शवों को बरामद किया। अस्पताल में कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद से बागमली और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है और प्रशासन ने लोगों से बच्चों को गहरी नदी के पास अकेले न भेजने की अपील की है।
रिषभ की रिपोर्ट