Bihar News: गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा, पर्व की खुशियां मातम में बदलीं, 14 वर्षीय छात्रा की डूबने से मौत

Bihar News: लोग आस्था की डुबकी लगाने के लिए घाट पर उमड़े थे, लेकिन एक ऐसी खबर आई है जिसने पूरे इलाके में सन्नाटा और परिवार में कोहराम मचा दिया है। ......

Student drowns while bathing in Ganga river
गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा- फोटो : reporter

Bihar News: रविवार का दिन, एक घरेलू पर्व का मौका और गंगा तट पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल। लोग आस्था की डुबकी लगाने के लिए घाट पर उमड़े थे, लेकिन वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसी खबर आई है जिसने पूरे इलाके में सन्नाटा और परिवार में कोहराम मचा दिया है। रामदौली आम घाट पर गंगा स्नान के दौरान 14 वर्षीय एक किशोरी की गहरे पानी में डूबने से जान चली गई।

मृतक की पहचान जहांगीरपुर नया टोला निवासी अरविंद कुमार सिंह की 14 वर्षीय पुत्री आलिया कुमारी उर्फ परी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह आलिया अपनी मां के साथ घरेलू पर्व के मौके पर गंगा स्नान करने के लिए रामदौली आम घाट पहुंची थी। घाट पर काफी भीड़ थी, और इसी दौरान नहाने के क्रम में अचानक उसका पैर फिसल गया। देखते ही देखते वह गहरे पानी की चपेट में आ गई।

घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के लोगों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वह पानी की गहराइयों में ओझल हो गई। शोर मचने पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। घटना की इत्तिला मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को मौके पर बुलाया गया। फिलहाल राहत और बचाव दल की टीम उसे ढूंढने के लिए मशक्कत कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

आलिया की मौत की खबर सुनते ही घर में गम का माहौल है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। आलिया चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और नौवीं कक्षा की होनहार छात्रा थी। एक हंसते-खेलते परिवार की 'परी' के इस तरह असमय चले जाने से पूरे जहांगीरपुर नया टोला में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि जिस गंगा में वे आस्था की डुबकी लगाने आए हैं, वही उनकी लाडली को हमेशा के लिए अपने आगोश में ले लेगी। फिलहाल पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है और ग्रामीणों की भारी भीड़ घाट पर जुटी हुई है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार