विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, पिता ने लगाया पीट-पीटकर हत्या और शव नदी में फेंकने का आरोप

विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, पिता ने लगाया पीट-पीट
विवाहिता की संदिग्ध मौत - फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नयाटोला मधुरापुर गांव में 35 वर्षीय विवाहिता सुंदरी देवी (पति- अनिल राय) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना बीते मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए।


नशेड़ी पति पर पीट-पीटकर हत्या और सिक्स लेन पुल से शव फेंकने का आरोप

सरायपुर (गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र) निवासी मृतका के पिता अशरफी राय ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुंदरी देवी का पति अनिल राय नशे का आदी था और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को सिक्स लेन पुल से नदी में फेंक दिया गया। मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों (एक बेटा और एक बेटी) को छोड़ गई है।


घटना के बाद घर छोड़कर फरार हुए ससुराल वाले, मायके पक्ष का हंगामा

वारदात की खबर मिलते ही मायके पक्ष से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। वहीं, घटना के तुरंत बाद से ही मृतका का पति और ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर में ताला बंद कर मौके से फरार हो गए हैं।


मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम, थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी जारी

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए बिदुपुर थाना प्रभारी रवि प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही फरार ससुराल वालों को दबोचने के लिए पुलिस की विशेष टीम उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।


पिता के आवेदन पर जांच शुरू, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के पिता द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि फॉरेंसिक जांच, साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और हत्या के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।


रिषभ की रिपोर्ट