स्कूल में हुए चोरी मामले में सरगना समेत 4 गिरफ्तार, चोरी के पंखे और प्रिंटर बरामद

स्कूल में हुए चोरी मामले में सरगना समेत 4 गिरफ्तार, चोरी के

Vaishali : जिले के सहदेई बुजुर्ग थाना क्षेत्र के स्कूलों में पिछले कई दिनों से हो रही चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना सहित चोरी का सामान खरीदने वाले कुल चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से चोरी किए गए 9 पंखे और एक प्रिंटर भी बरामद किया गया है, जिन्हें उन्होंने विभिन्न विद्यालयों से निशाना बनाया था।


आज मंगलवार को महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि सहदेई थाना क्षेत्र के कन्या उच्च विद्यालय में लगातार चोरी की वारदातें हो रही थीं। इन वारदातों ने पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती खड़ी कर दी थी, जिसके बाद मामला दर्ज कर एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सतीश कुमार और मंजीत कुमार को हिरासत में लिया।


पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया और उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वालों का भी पता चला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सामान के खरीदार पवन कुमार और सरोज कुमार शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। बरामद किए गए सामानों में विद्यालय से चोरी हुए 9 पंखे और एक महत्वपूर्ण प्रिंटर शामिल है। पुलिस इस गिरोह के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने में जुटी है।


एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए सभी चार आरोपी सहदेई थाना क्षेत्र के ही निवासी हैं। कानूनी प्रक्रिया के तहत मंजीत कुमार और पवन कुमार को दो दिन पहले ही न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें भी जेल भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है।


पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में एक अन्य सदस्य के शामिल होने की पुख्ता जानकारी मिली है, जो फिलहाल फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। एसडीपीओ ने भरोसा जताया है कि फरार आरोपी को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा का माहौल पुनः बहाल हो सके।


रिषभ की रिपोर्ट