राघोपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, किए आर्थिक मदद

वैशाली जिला स्थित राघोपुर में बाढ़ की विभीषिका के बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पीड़ितों का हाल-चाल लेने पहुंचे। नाव और ट्रैक्टर पर सवार होकर जलमग्न इलाकों का दौरा करते हुए उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से सीधे मुलाकात की....

राघोपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे पूर्णिया सांसद
राघोपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिला स्थित राघोपुर में बाढ़ की विभीषिका के बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पीड़ितों का हाल-चाल लेने पहुंचे। नाव और ट्रैक्टर पर सवार होकर जलमग्न इलाकों का दौरा करते हुए उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से सीधे मुलाकात की। इस दौरान संकट से जूझ रहे ग्रामीणों की मदद के लिए सांसद ने स्वयं अपने हाथों से लोगों के बीच 500-500 रुपये के नोट बांटे, जिससे आर्थिक तंगी का सामना कर रहे पीड़ितों को तत्कालिक राहत मिली।


आर्थिक मदद मिलने पर बाढ़ पीड़ितों के चेहरे पर दिखी राहत 

पप्पू यादव के बाढ़ क्षेत्र में आगमन और प्रत्यक्ष सहायता वितरण की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने अपनी समस्याएं सुनाते हुए मदद के लिए हाथ बढ़ाया। बाढ़ त्रासदी के इस मुश्किल दौर में बिना किसी प्रशासनिक औपचारिकता के सीधे नकद आर्थिक मदद मिलने से स्थानीय ग्रामीणों और विशेष रूप से जरूरतमंद परिवारों के चेहरे पर कुछ पलों के लिए रौनक लौट आई।


स्थानीय राजनीति और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं तेज 

इस दौरान स्थानीय राजनीति और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं तेज रहीं। ज्ञात हो कि राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय विधायक और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी बाढ़ प्रभावित इलाके का जायजा लेने पहुंचे थे। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि वे गंगा नदी पर बन रहे सिक्स लेन पुल से ही जलजमाव की स्थिति देखकर वापस लौट गए थे और पानी में उतरकर अपने क्षेत्र की जनता से सीधे नहीं मिले।


क्षेत्रीय सांसद चिराग पासवान ने SDRF नाव से बांटी राहत सामग्री 

वहीं दूसरी ओर, क्षेत्रीय सांसद और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी बीते दिनों राघोपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन दौरा किया था। चिराग पासवान ने एसडीआरएफ (SDRF) की नाव पर सवार होकर प्रभावित इलाकों का मुआयना किया था और जलजमाव के बीच जाकर बाढ़ पीड़ितों के बीच राशन व अन्य आवश्यक राहत सामग्री का वितरण किया था।


खुद ट्रैक्टर चलाकर बाढ़ के पानी में उतरे पप्पू यादव 

सांसद पप्पू यादव ने अपने दौरे के दौरान खुद ही ट्रैक्टर की कमान संभाली। वे खुद ट्रैक्टर चलाते हुए गहरे पानी और जलमग्न रास्तों को पार कर सुदूर गांवों तक पहुंचे। उनका यह अंदाज इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों ने आपदा की इस घड़ी में सीधे उनके बीच पहुंचने और तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए सांसद का आभार जताया।

रिषभ की रिपोर्ट