पुलिस ने लूट की बड़ी साजिश को किया नाकाम, लोडेड पिस्टल के साथ शातिर अपराधी को किया गिरफ्तार

Bihar News : वैशाली जिले में पुलिस की तत्परता से लूट की बड़ी घटना टल गया। पुलिस ने समय रहते अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। अपराधी के पास से हथियार बरामद हुआ है...

पुलिस ने लूट की बड़ी साजिश को किया नाकाम, लोडेड पिस्टल के सा

Vaishali : जिले के भगवानपुर थाने की पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए लूटपाट की एक संभावित घटना को टालने में बड़ी सफलता हासिल की है। सदर एसडीपीओ-02 गोपाल मंडल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई कल रात उस समय हुई जब पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। पुलिस की सक्रियता के कारण एक अपराधी को वारदात को अंजाम देने से पहले ही दबोच लिया गया, जिससे क्षेत्र में होने वाली एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई।


संदेह होने पर पीछा कर पुलिस ने दबोचा 

घटना के संबंध में बताया गया है कि सब इंस्पेक्टर नथनी ठाकुर जब प्रतापताड़ चौक के पास गश्त कर रहे थे, तभी उन्होंने एक व्यक्ति को बाइक पर संदिग्ध अवस्था में बैठे देखा। पुलिस की गाड़ी को करीब आता देख वह व्यक्ति घबरा गया और बाइक स्टार्ट कर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और घेराबंदी कर उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।


तलाशी में देशी पिस्टल बरामद 

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गरौल थाना क्षेत्र के पोझा गांव निवासी शशि सिंह उर्फ गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए वीडियोग्राफी के साथ उसकी सघन तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। हालांकि, बरामद पिस्टल की मैगजीन में कोई जिंदा कारतूस नहीं था, लेकिन हथियार की बरामदगी ने उसके खतरनाक मंसूबों को स्पष्ट कर दिया।


पूछताछ में कबूला लूट का इरादा 

पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी शशि सिंह ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि वह चौक के पास किसी राहगीर या बड़ी गाड़ी से लूटपाट करने की नीयत से घात लगाकर बैठा था और सही मौके का इंतजार कर रहा था। डीएसपी गोपाल मंडल ने पुष्टि की कि समय रहते हुई इस गिरफ्तारी से एक निश्चित आपराधिक वारदात को रोकने में पुलिस को कामयाबी मिली है।


मामला दर्ज कर भेजा गया जेल 

इस मामले को लेकर भगवानपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है ताकि उसके गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिल सके। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शशि सिंह को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।


रिषभ की रिपोर्ट