नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी, 12 किलो से अधिक गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
Bihar News : बिहार में पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश के वैशाली जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है...
Vaishali : वैशाली पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। सराय थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सराय टोल प्लाजा के निकट से एक अंतर जिला तस्कर को भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
इस बात की जानकारी देते हुए सदर 2 एसडीपीओ गोपाल मंडल ने से बताया कि पकड़े गए तस्कर की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मननपुर निवासी प्रिंस मिश्रा के रूप में हुई है।
12 किलो से अधिक गांजा और मोबाइल बरामद
उन्होंने ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार तस्कर के पास से 12.362 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन भी मिला है, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है। पूछताछ के बाद तस्कर के खिलाफ सराय थाना कांड संख्या 139/26 दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
बस से मुजफ्फरपुर जाने की थी योजना
घटना के संबंध में बताया गया है कि 29 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बैग में मादक पदार्थ लेकर बस से मुजफ्फरपुर की ओर जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग के निर्देश पर सराय थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की और संदिग्ध को धर दबोचा। बैग की विधिवत तलाशी लेने पर उसमें रखा प्रतिबंधित गांजा बरामद हुआ।
जिले में तस्करी के खिलाफ निरंतर अभियान
एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि वैशाली पुलिस जिले में अवैध मादक पदार्थों के सेवन, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोकथाम के लिए निरंतर अभियान चला रही है। इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों के व्यापार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही है पुलिस
गिरफ्तार प्रिंस मिश्रा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस तस्कर के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का भी पता लगा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह पूर्व में भी ऐसी वारदातों में शामिल रहा है या नहीं। इस गिरफ्तारी को स्थानीय पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण कामयाबी माना जा रहा है, जिससे अंतर जिला तस्करी के सिंडिकेट पर चोट पहुँची है।
रिषभ की रिपोर्ट