जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के घर पहुंचे नीतीश कुमार, चुटीले अंदाज में तारीफ के साथ लगाई फटकार

Bihar Politics : पूर्व सीएम नीतीश कुमार आज अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के पैतृक आवास पहुंचे, जहां वे पूरे लय में नजर आए। इस दौरान नीतीश कुमार ने कुशवाहा को कहा कि हमे नहीं जनता को प्रणाम कीजिए और अच्छे से काम कीजिए....

जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के घर पहुंचे नीतीश कुमार, च
जदयू प्रदेश अध्यक्ष के पैतृक घर पहुंचे पूर्व सीएम नीतीश कुमार- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : हाजीपुर में जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक बार फिर चिरपरिचित और चुटीला अंदाज देखने को मिला। नीतीश कुमार अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के पैतृक गांव चकफतेह कजरी भाट में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से गर्मजोशी से मुलाकात की, जहां कैमरे में उनका एक अनोखा रूप कैद हुआ, जिसमें वे अपने प्रदेश अध्यक्ष की तारीफ भी कर रहे थे और साथ ही मजाकिया लहजे में फटकार भी लगा रहे थे।


'इन्हें हमने ही आगे बढ़ाया और प्रदेश अध्यक्ष बनाया'

कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने मंच से उमेश कुशवाहा की पीठ थपथपाई। उन्होंने वहां उपस्थित एक अन्य नेता की तरफ इशारा करते हुए बेहद अनौपचारिक अंदाज में कहा, "इनका घर (हाजीपुर) पर हम ही आए और इनको आगे लाकर पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। ये दोबारा भी इस पद पर बने हैं, जो कोई मामूली बात नहीं है। ये पूरे बिहार के लिए बहुत बढ़िया काम कर रहे हैं और आप लोग जान लीजिए कि ये आगे बहुत आगे बढ़ेंगे।"


'हमें नहीं, जनता को हाथ जोड़कर करो प्रणाम'

नीतीश कुमार के मुंह से अपनी इतनी बड़ी तारीफ सुनते ही मंच पर मौजूद प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भावुक हो गए और उन्होंने तुरंत आदरपूर्वक नीतीश कुमार के सामने अपना सिर झुकाया और दोनों हाथ जोड़कर उन्हें प्रणाम किया। उमेश कुशवाहा को ऐसा करते देख नीतीश कुमार ने तुरंत अपने खास मजाकिया और तेज अंदाज में उन्हें टोकते हुए कहा, "ऐ... हाथ जोड़कर प्रणाम हमको क्या कर रहे हो, सामने बैठी जनता और लोगों की भीड़ को हाथ जोड़कर प्रणाम करो!" नीतीश कुमार के इस चुटीले संवाद को सुनते ही वहां मौजूद पूरी भीड़ ठहाकों से गूंज उठी।


'इधर-उधर मत करिए, आपके लिए चारों तरफ अच्छा होगा'

तारीफ और हल्के-फुल्के मजाक के बीच नीतीश कुमार ने संगठन को मजबूत रखने का संदेश देते हुए उमेश कुशवाहा को सचेत भी किया। उन्होंने मजाकिया लहजे में नसीहत देते हुए कहा, "बस अब आगे इधर-उधर मत करिए, निष्ठा से काम देखते रहिए, आपके लिए चारों तरफ बहुत ही अच्छा माहौल होगा।" नीतीश कुमार का यह बयान संगठन में अनुशासन बनाए रखने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर एकजुट रहने के साफ संकेत के रूप में देखा जा रहा है।


गिने-चुने कद्दावर नेताओं की मौजूदगी में हुआ निजी कार्यक्रम

उमेश कुशवाहा के आवास पर आयोजित इस बेहद खास और निजी कार्यक्रम में सुरक्षा और प्रोटोकॉल के कड़े इंतजाम थे। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रदेश अध्यक्ष के अलावा जदयू के दो स्थानीय विधायक सिद्धार्थ पटेल और महेंद्र राम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही पार्टी के कुछ गिने-चुने चुनिंदा जिला स्तरीय वरिष्ठ नेता और बेहद खास कार्यकर्ता ही शामिल हुए, जिन्होंने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र के सांगठनिक फीडबैक को साझा किया।


रिषभ की रिपोर्ट