वैशाली में आकाशीय बिजली का कहर: ठनका की चपेट में आने से दो दोस्तों और महिला समेत 3 की मौत, एक युवक गंभीर रूप से झुलसा
वैशाली जिले में आज आसमान से मौत बरसी। दो अलग-अलग गांवो में वज्रपात की चपेट में आने से दो युवक और एक महिला की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रुप से झुलस गया....
Vaishali : जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। जहां जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र (राघोपुर) में आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से अलग-अलग गांवों में दो युवकों और एक महिला समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इस प्राकृतिक आपदा में एक अन्य युवक भी बुरी तरह झुलस गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक ही दिन में हुई इन तीन मौतों के बाद पूरे इलाके और संबंधित गांवों में कोहराम मच गया है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे तीनों दोस्त, रास्ते में गिरा ठनका
पहली हृदयविदारक घटना बीरपुर पंचायत के करारी टोला में नागा सिंह के घर के पास एक सुनसान जगह पर हुई. जानकारी के अनुसार, बीरपुर पंचायत के वार्ड संख्या-8 के रहने वाले रघु सिंह का 23 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार और सुशील सिंह का 19 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार, अपने एक अन्य साथी लक्ष्मी नारायण सिंह के पुत्र अभिषेक कुमार के साथ किसी काम से बीरपुर पेठिया गए हुए थे. शाम को काम खत्म करने के बाद जब तीनों दोस्त एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे, तभी अचानक आसमान से कड़कड़ाती हुई बिजली उनके ऊपर गिर गई.
विवेक की मौके पर ही थमी सांसें, अस्पताल ले जाने पर पीयूष मृत घोषित
आकाशीय बिजली का झटका इतना जोरदार था कि बाइक चला रहे 23 वर्षीय विवेक कुमार की मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई. वहीं उसके दोनों साथी पीयूष और अभिषेक इस हादसे में गंभीर रूप से झुलस गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायल पीयूष को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) राघोपुर फतेहपुर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं बुरी तरह झुलसे अभिषेक को बेहतर इलाज के लिए तत्काल पटना के पीएमसीएच (PMCH) रेफर किया गया है. मृतक विवेक अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था, जिसकी मौत से मां-बाप बदहवास हैं.
मैके में सत्संग सुनने आई महिला भी बनी वज्रपात का शिकार
वज्रपात की दूसरी घटना चक सिंगार पंचायत में सामने आई, जहां ठनका की चपेट में आने से 56 वर्षीय पानो देवी की जान चली गई. मृतका पानो देवी मूल रूप से महनार थाना क्षेत्र के मुरौवत पुर गांव की रहने वाली थीं. बताया जाता है कि वह चार दिन पहले ही अपने मायके (चक सिंगार) में आयोजित एक धार्मिक सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आई हुई थीं. इसी दौरान वे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं और उनकी जिंदगी खत्म हो गई.
थानों के अधिकारियों ने किया मुआयना, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की भयावहता की सूचना मिलते ही जुड़ावनपुर के थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा और अंचल के प्रभारी सीओ (circle officer) राजीव रंजन दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है.
जदयू प्रखंड अध्यक्ष ने बंधाया ढांढस, सीओ से की मुआवजे की मांग
इधर, दुखद हादसे की खबर पाकर क्षेत्र के कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता भी पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे. जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रखंड अध्यक्ष मंतोष कुमार सिंह ने मृतकों के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस विकट परिस्थिति में सांत्वना दी. इसके साथ ही उन्होंने प्रभारी अंचल अधिकारी (CO) से आपदा प्रबंधन विभाग के नियमों के तहत सभी मृतक परिवारों को जल्द से जल्द चार-चार लाख रुपये की सरकारी मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की है.
रिषभ की रिपोर्ट