वैशाली में पुलिस टीम पर हमला: उपद्रवियों ने आरोपी को हिरासत से छुड़ाया, चौकीदार के घर पर की फायरिंग

वैशाली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला हुआ है। वहीं चौकीदार के घर पर फायरिंग की गई है....

वैशाली में पुलिस टीम पर  हमला: उपद्रवियों ने आरोपी को हिरासत
वैशाली में पुलिस टीम पर हमला- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के महनार थाना क्षेत्र स्थित देशराजपुर बजरंगबली चौक पर पुलिस टीम पर हमले और उपद्रव की एक बड़ी खबर सामने आई है। किसी मामले में आरोपी युवक को पकड़ने पहुंची महनार पुलिस टीम पर आरोपी और उसके समर्थकों ने अचानक हमला बोल दिया। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस की कार्रवाई का उग्र विरोध करते हुए हिरासत में लिए गए आरोपी को पुलिस के चंगुल से जबरन छुड़ा लिया।


पुलिस टीम के वापस लौटते ही चौकीदार के घर पर बोला हमला

पुलिस टीम के मौके से वापस लौटते ही बेखौफ आरोपियों का दुस्साहस और बढ़ गया। उन्होंने स्थानीय चौकीदार के घर पर धावा बोल दिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी में चौकीदार का पुत्र गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद से पूरे देशराजपुर इलाके में अफरा-तफरी और भारी तनाव का माहौल व्याप्त हो गया।


पुरानी रंजिश और मारपीट की शिकायत बनी हमले की वजह

घटना की पृष्ठभूमि के संबंध में बताया जा रहा है कि स्थानीय चौकीदार के पुत्र और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर पूर्व में विवाद और मारपीट हुई थी। पीड़ित चौकीदार पुत्र ने इस संबंध में महनार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने गाँव पहुँची थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पुलिस के जाते ही पीड़िता के घर को निशाना बनाया।


सूखे नशे के धंधेबाजों पर लगा आरोप, पुलिस को सूचना देने से थे नाराज

घायल चौकीदार पुत्र ने घटना के संबंध में बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि हमला करने वाले सभी आरोपी इलाके में 'सूखे नशे' (मादक पदार्थों) के अवैध कारोबार में लिप्त हैं। पीड़ित का आरोप है कि उसने इस अवैध धंधे की सूचना पुलिस को दी थी, जिससे नाराज होकर नशे के कारोबारियों ने एकजुट होकर उसके घर पर जानलेवा हमला किया और गोली मारकर उसे घायल कर दिया।


गांव में भारी पुलिस बल तैनात, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

घटना की सूचना मिलते ही महनार थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गांव में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों और उनके सहयोगियों की पहचान कर उनकी त्वरित गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी शुरू कर दी है।


रिषभ की रिपोर्ट