Bihar News: चौठारी की खुशियां बनी मातम, गंडक में डूबे एक ही परिवार के 4 लोग, 2 महिलाओं की मौत, 2 अब भी लापता

Bihar News:गंडक नदी में नहाने के दौरान एक ही परिवार के चार लोग डूब गए। इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की तलाश अब भी जारी है।

Bihar News: चौठारी की खुशियां बनी मातम, गंडक में डूबे एक ही
खुशियाँ बनी मातम - फोटो : RISHABH

VAISHALI : हाजीपुर-सोनपुर इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां खुशी का माहौल देखते ही देखते चीख-पुकार में बदल गया। सारण जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बैजलपुर जगदंबा स्थान के पास गंडक नदी में नहाने के दौरान एक ही परिवार के चार लोग डूब गए। इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की तलाश अब भी जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बैजलपुर निवासी जनार्दन सिंह के घर में हाल ही में बेटी की शादी हुई थी। सोमवार को शादी के बाद चौथे दिन ‘चौठारी’ की रस्म निभाने के लिए परिवार के सदस्य गंडक नदी पहुंचे थे। लेकिन किसे पता था कि यह रस्म खुशियों की जगह मातम में बदल जाएगी। नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से दो महिलाओं समेत चार लोग डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए नदी में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद दो महिलाओं को बाहर निकाला। आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल हाजीपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान जनार्दन सिंह की 42 वर्षीय पत्नी बबीता देवी और पटना जिले के बख्तियारपुर निवासी रवि कुमार की 40 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, बाकी दो डूबे हुए लोगों की तलाश के लिए स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार गंडक नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। गोताखोरों की मदद से नदी के हर हिस्से को खंगाला जा रहा है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। जहां कुछ देर पहले तक शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहीं अब हर तरफ मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार