Bihar Crime: लव अफेयर में मौत, युवक ने जिन्दगी का किया अंत, पुलिस जांच में जुटी

Bihar Crime: प्रेम संबंधों में तनाव की एक दुखद परिणति हुई है।...

Death in love affair young man ends
लव अफेयर में मौत- फोटो : reporter

Bihar Crime: प्रेम संबंधों में तनाव की एक दुखद परिणति हुई है। वैशाली जिले के हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र के हंथसारगंज  में होली के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। सुबोध महतो के पुत्र अंकित कुमार ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर हाजीपुर सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, अंकित कुमार का लव अफेयर एक लड़की से चल रहा था। लड़की सिलीगुड़ी में रहती थी, लेकिन उसकी नानी हंथसारगंज में थी। बताया गया कि लगभग पाँच महीने से दोनों का रिश्ता था। बुधवार देर शाम फोन पर बात के दौरान किसी बात को लेकर नोक-झोंक हुई, जिसके बाद अंकित ने अपने पंखे में गमछा डालकर फांसी लगाई।

अंकित का छोटा भाई आनंद कुमार ने बताया कि होली खेलने के लिए घर में कोई मौजूद नहीं था। घर लौटने पर उन्होंने भाई को फांसी पर लटका देखा और तुरंत परिवार को सूचित किया। घर में कोहराम मच गया, परिजन रो-रो कर बेहाल हो गए।

स्थानीय पुलिस के मुताबिक, अंकित हाजीपुर गुदरी में किसी बैटरी दुकान में कार्यरत था। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद पूरे परिवार पर गहरा सदमा पड़ा है।पुलिस अब सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। इसके तहत फोन कॉल रिकॉर्ड, रिश्तेदारों और दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। नगर थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन को सौंप दिया गया है।

स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और इसे प्रेम संबंधों में तनाव की एक दुखद परिणति मान रहे हैं। पुलिस ने परिवार को आश्वस्त किया है कि पूरी जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और किसी भी संदिग्ध पहलू की जांच की जाएगी।यह घटना दर्शाती है कि प्रेम-प्रसंग कभी-कभी युवा जीवन में गहरे मानसिक संकट का कारण बन सकते हैं, और समय पर सहारा न मिलने पर परिणाम कभी-कभी बेहद दुखद हो सकते हैं।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार