नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट में बिहार का दोहरा धमाका, पुरुष और महिला दोनों वर्गों में जीता खिताब

नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट में बिहार का दोहरा धमाका, पुरुष और मह
नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट में बिहार का दोहरा धमाका- फोटो : धीरज पराशर

Vaishali : इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट फेडरेशन के निर्देशन, सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार के तत्वावधान तथा सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ वैशाली द्वारा हाजीपुर स्थित अक्षयवट राय स्टेडियम में आयोजित 'पद्मभूषण स्व. रामविलास पासवान स्मृति द्वितीय यूथ नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप' का समापन हो गया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार ने पुरुष और महिला दोनों ही वर्गों के फाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज कर दोहरा खिताब अपने नाम किया।


पुरुष वर्ग: बिहार ने झारखंड को 7 विकेट से रौंदा, हैप्पी का धमाकेदार प्रदर्शन

पुरुष वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 3 विकेट खोकर 147 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। झारखंड की ओर से अंकित ने तूफानी शतकीय पारी खेलते हुए 102 रन और मनीष यादव ने 15 रन बनाए। जवाब में उतरी बिहार की टीम ने आक्रामक रुख अपनाते हुए 8.4 ओवरों में ही 3 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाकर 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। बिहार के लिए हैप्पी ने 75 और अनिकेत ने 57 रनों का अहम योगदान दिया। बिहार के हैप्पी कुमार को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।


महिला वर्ग: निक्की के शतक से बिहार ने शेष बिहार को 57 रनों से हराया

महिला वर्ग के खिताबी मुकाबले में बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवरों में 3 विकेट खोकर 173 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। इसमें निक्की ने मात्र 36 गेंदों में 102 रनों की आतिशी शतकीय पारी खेली, जबकि प्रीती ने 16 गेंदों पर 32 रन बनाए। 174 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेष बिहार की टीम निर्धारित 10 ओवर में 2 विकेट गंवाकर 116 रन ही बना सकी। शेष बिहार की ओर से प्रिया ने 31 गेंदों में 69 रन और दीपा ने 12 गेंदों में 22 रन बनाए। बिहार की निक्की कुमारी को 'विमेन ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया।


गन्‍ना उद्योग मंत्री ने बांटे पुरस्कार; मैन ऑफ द मैच/सीरीज खिलाड़ियों को कॉलेज में फ्री एडमिशन का ऑफर

आर सिटी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (हाजीपुर) के सौजन्य से आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान किए। विशिष्ट अतिथि आर सिटी कॉलेज के डायरेक्टर इंजीनियर रवि कुमार ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि टूर्नामेंट में 'मैन ऑफ द मैच' और 'मैन ऑफ द सीरीज' पाने वाले पुरुष व महिला खिलाड़ियों को उनके कॉलेज में BBA, BCA तथा AI कोर्स में निशुल्क नामांकन (फ्री एडमिशन) दिया जाएगा।


खेल जगत और राजनीति की कई प्रमुख हस्तियों ने बढ़ाई शोभा

समारोह की अध्यक्षता सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष सुजय सौरभ ने की। कार्यक्रम में इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट फेडरेशन के महासचिव साबिर खान, संयुक्त सचिव नाजिर खान, मदन सिंह राठौड़, पर्यवेक्षक अनिल लहरी, झारखंड के सचिव संजीव कुमार झा, बिहार संघ के कोषाध्यक्ष गौरी शंकर, संयुक्त सचिव मिताली मित्रा, वैशाली संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश शुभांगी, आर सिटी कॉलेज के चेयरमैन जय मूरत कुमार, जिला परिषद मुकेश पासवान, समाजसेवी संजीत कुमार, सतीश पाठक, डॉ. रंजन कुमार और राजेंद्र कुमार बनफूल उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत वैशाली सचिव रवि रंजन कुमार ने किया और धन्यवाद ज्ञापन बिहार सचिव ज्योति कुमार ने प्रस्तुत किया। मंच का सफल संचालन दीपक सिंह कश्यप एवं सुरेश मिश्रा ने किया।


धीरज परासर की रिपोर्ट