सड़क हादसे के बाद अस्पताल में भारी बवाल, शौचालय में छिपकर महिला डॉक्टरों ने बचाई जान

Bihar News : वैशाली जिले मे आज एक बड़ी घटना हुई। जिसमें साुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कार्यरत महिला डॉक्टरों ने शौचालय में अपने आप को बंदकर अपनी जान बचाई। बीडीओ के आने के बाद वे शौचालय से बाहर निकली...

सड़क हादसे के बाद अस्पताल में भारी बवाल, शौचालय में छिपकर मह
महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बवाल- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : बिहार के वैशाली जिले से कानून-व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सड़क हादसे में घायल एक महिला की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि अस्पताल में तैनात दो महिला चिकित्सकों को उग्र भीड़ से बचने के लिए खुद को शौचालय में बंद करना पड़ा। वे करीब 3 घंटे तक शौचालय के भीतर बंधक बनी रहीं, जबकि बाहर भीड़ गाली-गलौज और बवाल कर रही थी।


पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल, BDO ने निकाला बाहर 

हैरानी की बात यह रही कि शौचालय में कैद महिला डॉक्टरों ने मदद के लिए कई बार महनार थाना पुलिस को फोन किया, लेकिन पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुँची। घंटों तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद देर शाम जब महनार बीडीओ (BDO) अस्पताल पहुँचे, तब जाकर दोनों डॉक्टरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। डॉक्टरों ने बताया कि उन्होंने डर के मारे खुद को अंदर बंद कर लिया था क्योंकि भीड़ का आक्रोश बेकाबू हो चुका था।


इलाज में लापरवाही का आरोप बनाम 'ब्रॉट डेडकी दलील 

मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि घायल महिला को अस्पताल लाने के बाद डॉक्टरों ने इलाज में घोर लापरवाही बरती, जिस कारण उसकी मौत हुई। दूसरी ओर, ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए बताया कि महिला को जब अस्पताल लाया गया था, वह पहले ही दम तोड़ चुकी थी। डॉक्टरों के अनुसार, मृत घोषित किए जाने के बाद ही परिजन उग्र हो गए और अस्पताल कर्मियों के साथ बदसलूकी शुरू कर दी।


दो बाइकों की भिड़ंत में नवविवाहिता की गई जान 

यह पूरा मामला हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर स्थित देसरी थाना क्षेत्र के बिलट चौक के पास हुई एक दुर्घटना से शुरू हुआ। जानकारी के अनुसार, दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में एक नवविवाहिता की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद परिजन दोनों को लेकर महनार स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे थे, जहाँ महिला को मृत घोषित कर दिया गया।


मृतका की हुई पहचानइलाके में तनाव 

मृत महिला की पहचान चांदपुरा थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव निवासी गरीबन कुमार की पत्नी शिल्पी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है और इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर अस्पताल में हंगामा करने वाले उपद्रवियों की पहचान करने में जुट गई है, वहीं डॉक्टरों ने अपनी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है।

रिषभ की रिपोर्ट