शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे शख्स की पति ने की जमकर पिटाई, गंभीर हालत में PMCH रेफर

Bihar News : अपने दोस्त की पत्नी के साथ प्रेम करना और अवैध संबंध बनाना शख्स को महंगा पड़ गया। प्रेमिका के पति ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। शख्स का पटना के पीएमसीएच में इलाज चल रहा है...

शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे शख्स की पति ने की जमकर पिट
शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे शख्स की पिटाई- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित भवानी चौक के समीप अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने गए एक व्यक्ति को पति ने रंगे हाथों पकड़ लिया, जिसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई। घायल की पहचान सदर थाना क्षेत्र के शुभई गांव निवासी 44 वर्षीय अरुण कुमार (पिता- विष्णु पंडित) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया है।


घायल अरुण कुमार ने अस्पताल में बताया कि उसका अपनी पत्नी की सहेली और दोस्त दीपक कुमार राय की पत्नी जूली कुमारी के साथ पिछले 10 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दीपक और अरुण दोस्त थे, जिसके कारण त्योहारों और अन्य मौकों पर दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। इसी दौरान अरुण और जूली के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। इस अवैध संबंध का खुलासा तब हुआ जब अरुण की पत्नी ने उसके मोबाइल में दोनों की कुछ तस्वीरें देख लीं और इसकी जानकारी जूली के पति दीपक को दे दी।


अरुण कुमार के अनुसार, वह पहले सेना में कार्यरत थे और इस विवाद के बाद वापस अपनी ड्यूटी पर चले गए थे। वर्ष 2020 में जब वे सेवानिवृत्त (रिटायर) होकर वापस गांव लौटे, तब भी दीपक राय और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की थी, जिसमें अरुण के दोनों हाथ टूट गए थे। अरुण का आरोप है कि उस वक्त आरोपियों ने उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर भी छीन ली थी, जो वर्तमान में थाने में जमा है। उनका दावा है कि उस समय भी पुलिस ने उनकी कोई ठोस मदद नहीं की थी।


ताजा घटनाक्रम के बारे में अरुण ने बताया कि वे भवानी चौक के पास से गुजर रहे थे, तभी घात लगाकर बैठे रंजीत कुमार राय, दीपक कुमार राय और विवेक चौहान ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया और तब तक पीटते रहे जब तक वे मरणासन्न नहीं हो गए। फिलहाल घायल व्यक्ति का इलाज पटना में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। प्रेम प्रसंग में हुई इस हिंसक वारदात के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।


इस पूरे मामले में पीड़ित ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अरुण कुमार का आरोप है कि बार-बार जानलेवा हमला होने और शिकायत करने के बावजूद पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं, स्थानीय पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है और अस्पताल से फर्द बयान आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब इस त्रिकोणीय प्रेम संबंध और पुराने विवाद के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


रिषभ कुमार की रिपोर्ट