जमीन विवाद में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, शव को सड़क पर रख परिजनों ने किया चक्काजाम

सुपौल जिले में जमीन विवाद में घायल युवक की 13 दिनों तक चले इलाज के बाद मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने लाश को सड़क पर रखकर जमकर बवाल किया....

जमीन विवाद में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, शव को सड़क पर
घायल युवक की मौत के बाद बवाल- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां लक्ष्मीनिया वार्ड-12 के निवासी 33 वर्षीय रोशन कुमार की जमीन विवाद में घायल होने के 13 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। रोशन की मौत की खबर सुनते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-327E) पर रखकर करीब डेढ़ घंटे तक चक्काजाम किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।


20 जून की रात हुआ था जानलेवा हमला

मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरा विवाद 20 जून की रात को शुरू हुआ था, जब रोशन कुमार एक विवादित 10 कट्ठा जमीन की ट्रैक्टर से जुताई कराने गए थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों के साथ उनका विवाद गहरा गया। आरोप है कि विरोधी पक्ष के हथियारबंद लोगों ने रोशन को ट्रैक्टर से नीचे खींच लिया और फरसा व अन्य धारदार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर लहूलुहान कर दिया।


बेहतर इलाज के लिए ले जाने के दौरान मौत

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल रोशन को पहले स्थानीय स्तर पर भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी ले जा रहे थे, तभी बीते गुरुवार देर रात मधुबनी जिले के फुलपरास के समीप रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह जैसे ही रोशन का शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।


दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज

सड़क जाम की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज थाना अध्यक्ष और सर्किल इंस्पेक्टर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त करवाया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेजा गया। इस मामले में मृतक की मां लालो देवी के बयान पर कांड संख्या 237/26 दर्ज की गई है, जबकि दूसरे पक्ष ने भी कांड संख्या 236/26 के तहत क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई है।


परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस की छापेमारी जारी

मृतक रोशन कुमार अपने पीछे पत्नी पिंकी भारती, दो बेटों और एक बेटी सहित पूरा हंसता-खेलता परिवार छोड़ गए हैं, जिनका इस घटना के बाद रो-रोकर बुरा हाल है। त्रिवेणीगंज पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट