कोसी बराज पर रील बनाने के चक्कर में नदी में गिरा युवक, नेपाल एनडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी
Supaul : भारत-नेपाल सीमा पर स्थित प्रसिद्ध कोसी बराज के गेट नंबर-12 के पास रविवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। सावन की तीसरी सोमवारी पर जल लेने आए एक युवक का रील बनाने के दौरान अचानक पैर फिसल गया और वह कोसी नदी के तेज बहाव में बह गया। स्थानीय स्तर पर काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो सोमवार सुबह से नेपाल एनडीआरएफ की टीम ने नदी में सघन तलाशी अभियान शुरू किया है।
जल लेकर जलाभिषेक करने पहुँचे थे दोस्त, नरपतगंज के संजीत के रूप में हुई पहचान लापता युवक की पहचान अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत सुरसर निवासी 30 वर्षीय संजीत कुमार शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों व दोस्तों के अनुसार, संजीत अपने साथियों के साथ कोसी नदी से पवित्र जल भरकर शिवालय में जलाभिषेक करने आया था। हादसे की खबर मिलते ही संजीत के घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गेट खुला होने से पानी की धारा थी तेज, रील बनाते वक्त बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूजा से पहले संजीत अपने दोस्तों के साथ गेट नंबर-12 के डाउन स्ट्रीम में मोबाइल से रील बना रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे उफनती नदी में जा गिरा। हादसे के समय बराज के गेट खुले होने की वजह से पानी का प्रवाह बेहद तेज था, जिससे संजीत को सँभलने का मौका नहीं मिला और वह क्षणभर में ओझल हो गया।
नेपाल एनडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी, बराज पर रील बनाने से बचने की अपील सोमवार सुबह घटनास्थल पर पहुँची नेपाल एनडीआरएफ की मोटरबोट टीम नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। हालाँकि, खबर लिखे जाने तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। इस दुखद हादसे के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने बराज के खतरनाक व तेज बहाव वाले क्षेत्रों में रील बनाने व सेल्फी लेने से परहेज करने की सख्त चेतावनी दी है।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट