बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को अज्ञात वाहन ने रौंदा : एक की मौके पर मौत, दूसरे ने रास्ते में तोड़ा दम

सुपौल जिले में रफ्तार के कहर ने दो भाइयो की जान ले ली। दोनो भाई बाइक से किसी काम से जा रहे थे, उसी दौरान अज्ञात वाहन ने दोनो को कुचल डाला। इस घटना में जहां एक की मौके पर मौत हो गई, वहीं दूसरे ने इलाज के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया....

बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को अज्ञात वाहन ने रौंदा : एक की मौ
सुपौल मे रफ्तार का कहर- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के सदर थाना क्षेत्र के वीणा पंचायत स्थित धरनीपट्टी वार्ड संख्या-14 में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की भीषण टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान धरनीपट्टी निवासी कुंदन कुमार (20, पिता- स्वर्गीय उपेंद्र यादव) और अखिलेश कुमार (24, पिता- राजेंद्र यादव) के रूप में हुई है।


जरूरी काम से जा रहे थे सुपौल

मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई किसी आवश्यक कार्य के सिलसिले में मोटरसाइकिल से सुपौल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लाउढ पंचायत के सरही मलिकाना स्थित स्कूल के पास एक अनियंत्रित एवं तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।


एक की घटनास्थल पर मौत, अस्पताल ले जाते वक्त दूसरे ने तोड़ा दम 

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। भीषण दुर्घटना में अखिलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कुंदन कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी बदहवास हालत में मौके पर पहुँचे।


गाँव में पसरा मातम, अज्ञात वाहन व चालक की तलाश में पुलिस जुटी 

एक ही परिवार के दो नवयुवकों की असामयिक मौत की खबर मिलते ही धरनीपट्टी गाँव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने फरार वाहन व चालक की शीघ्र पहचान कर सख्त कार्रवाई की माँग की है। सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट