दुकान और गोदाम को चोरो ने बनाया निशाना : ताला तोड़कर नकदी, मोटर पाइप और सीसीटीवी कैमरा भी ले उड़े चोर
Supaul : जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला डिग्री कॉलेज चौक से किशनपुर जाने वाली सड़क पर सुकुमारपुर के समीप स्थित शिवम एंटरप्राइजेज का है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकान से मोटर पाइप, बिजली के तार के बंडल, गल्ले में रखे नकद रुपये और अपनी पहचान छुपाने के लिए दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।
सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को हुई घटना की जानकारी
दुकान संचालक सतीश कुमार जब रोज की तरह शुक्रवार सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्होंने ग्रिल की कुंडी टूटी हुई पाई। अंदर जाने पर गल्ले का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद जब उन्होंने गोदाम की जांच की, तो वहां भी ताला टूटा हुआ मिला और कई कीमती सामान गायब थे।
योजनाबद्ध तरीके से वारदात को दिया गया अंजाम
पीड़ित दुकानदार सतीश कुमार ने बताया कि चोरों ने काफी शातिराना अंदाज में इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने न सिर्फ कीमती सामान और नकदी चुराई, बल्कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी अपने साथ ले गए ताकि पुलिस के हाथ कोई ठोस सबूत न लग सके। प्रथम दृष्टया हजारों के नुकसान का अनुमान है, और वास्तविक नुकसान का आकलन स्टॉक मिलान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस और डायल 112 की टीम ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने टूटे हुए तालों और आसपास के हालातों का जायजा लेने के बाद दुकानदार को संबंधित थाने में लिखित आवेदन देने की सलाह दी, ताकि विधिसम्मत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा सके।
व्यापारियों में दहशत, रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग
इस दुस्साहसिक चोरी के बाद से स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश में जुटी है।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट