नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, स्मैक के साथ दो तस्कर किया गिरफ्तार
सुपौल जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने स्मेैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.....
Supaul : जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजेश्वरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए कुल 90.49 ग्राम स्मैक के साथ दो नशा तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
वाहन जांच के दौरान बाइक सवार के पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद
राजेश्वरी थानाध्यक्ष को बाइक से स्मैक की तस्करी की गुप्त जानकारी मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद त्रिवेणीगंज SDPO के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी टीम ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बाइक सवार संजीव कुमार के पास से 84.45 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।
आरोपी की निशानदेही पर भवानीपुर में छापेमारी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त
गिरफ्तार संजीव कुमार से कड़ाई से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर भवानीपुर गांव में नीतीश कुमार के घर पर दूसरी छापेमारी की गई। वहां से पुलिस को 27 पुड़िया में रखा 6.04 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक मोबाइल फोन मिला। पूरी कार्रवाई में कुल 90.49 ग्राम स्मैक, एक बाइक, मोबाइल और तौलने वाला तराजू जब्त किया गया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, जब्त बाइक के साथ दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों तस्करों, संजीव कुमार और नीतीश कुमार को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। राजेश्वरी थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस स्मैक सिंडिकेट से जुड़े अन्य संभावित तस्करों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस पूरे नेटवर्क की कड़ी से कड़ी जोड़कर नशे के काले कारोबार में लिप्त अन्य गिरोहों का भी जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट