सुपौल में एनसीओआरडी की बैठक: डीएम ने सीमावर्ती क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की तस्करी पर कड़ी नजर रखने और संयुक्त कार्रवाई के दिए निर्देश

सुपौल में एनसीओआरडी की बैठक: डीएम ने सीमावर्ती क्षेत्रों में
एनसीओआरडी की बैठक में डीएम ने दिए कड़े निर्देश- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और इसके प्रभावी नियंत्रण को लेकर समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में एनसीओआरडी (Narco Coordination Centre) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों और संबंधित विभागों के पदाधिकारी जुड़े।


सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश

जिलाधिकारी सावन कुमार ने बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी सूचनाओं को आपस में परस्पर साझा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।


नशामुक्ति और जन-जागरूकता अभियानों की समीक्षा

बैठक में नशामुक्ति एवं जन-जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। साथ ही, जिलाधिकारी ने मासिक प्रगति प्रतिवेदन का जायजा लेते हुए अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आपसी समन्वय और निरंतर सख्त कार्रवाई पर विशेष जोर दिया।


वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए कई वरिष्ठ अधिकारी

इस बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सुपौल, जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), पटना से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। 


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट