त्रिलोक धाम पहुंचे सांसद दिलेश्वर कामैत, वेदमंत्रोच्चार और पाग-अंगवस्त्र भेंटकर सांसद का किया गया अभिनंदन
Supaul : जिले अंतर्गत परमानंदपुर पंचायत के गोसपुर स्थित प्रसिद्ध त्रिलोक धाम आगमन पर क्षेत्र के सांसद दिलेश्वर कामैत का स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया। रविवार को धाम परिसर पहुंचने पर क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखा गया। सांसद ने त्रिलोक धाम पहुंचकर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की और उपस्थित ग्रामीणों से आत्मीयता से मुलाकात की।
वेदमंत्रोच्चार और पाग-अंगवस्त्र भेंटकर सांसद का किया गया अभिनंदन
सांसद के आगमन पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के अनुसार उनका नागरिक अभिनंदन किया गया। एमएम महाराज जी एवं आचार्य पंडित धर्मेंद्रनाथ मिश्र की गरिमामयी उपस्थिति में वेदमंत्रोच्चार के बीच सांसद दिलेश्वर कामैत को पाग तथा माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। इस भव्य स्वागत और सम्मान से अभिभूत होकर सांसद ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
जनता के विश्वास पर खरा उतरना मुख्य प्राथमिकता: दिलेश्वर कामैत
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि जनता ने जिस अटूट विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस पर खरा उतरना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वे लगातार क्षेत्र के विकास और जनसेवा में समर्पित हैं। उन्होंने बताया कि निरंतर जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से वे आम जनता की समस्याओं से रूबरू हो रहे हैं और उनके त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
करजाईन-गोसपुर-सितुहर सड़क निर्माण शुरू कराने की उठी मांग
जनसंवाद के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याओं से सांसद को अवगत कराया। इस दौरान ग्रामीणों ने विशेष रूप से करजाईन से गोसपुर होते हुए सितुहर तक जाने वाली सड़क के निर्माण कार्य को अविलंब शुरू कराने की पुरजोर मांग रखी। ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क के बन जाने से दर्जनों गांवों के लोगों का आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा।
सांसद ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा
सांसद दिलेश्वर कामैत ने ग्रामीणों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर सड़क निर्माण की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का ठोस आश्वासन दिया। इस अवसर पर अवधेश झा, जगदीश झा, बजरंगी, दिवाकर झा, ज्योतिंद्रनाथ मिश्र, ललित झा, हरेंद्रनाथ मिश्र, विनय कुमार मिश्र, जीवन झा और बबलू मिश्र समेत बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट